मछली पकड़ना पड़ा मंहगा , 17 हुऐ गिरफ्तार

नोएडा – ओखला पक्षी विहार में प्रतिबंध के बावजूद मछली पकड़ रहे 17 लोगों को वन विभाग ने थाना सेक्टर 20 पुलिस की मदद से गिरफ्तार किया है। इनके पास से मछली पकडऩे का जाल, पकड़ी हुई मछली बरामद की गई है।जनपद गौतमबुद्घ नगर के प्रभागीय वनाधिकारी एच. वी. गिरीश ने बताया कि बीती रात को हमें सूचना मिली कि ओखला पक्षी विहार में कुछ लोग अवैध रूप से मछली पकड़ रहे हैं। सूचना के आधार पर देर रात 1.30 बजे के करीब थाना सेक्टर 20 पुलिस की मदद से पक्षी विहार में छापा मारा गया। छापेमारी के दौरान प्रतिबंधित क्षेत्र में मछली का शिकार कर रहे राम चरित्र, सुरेंद्र, परेश, राजा, सुमेर, सुशील, रोबिन, नयन, मोटू, गौतम, अर्जुन, रंजीत, जीवा, हरन को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। वन अधिकारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों के पास से मछली पकडऩे वाला जाल व पकड़ी हुई मछली बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ 1972 वन्य संरक्षण अधिनियम धारा 2, 9, 27, 29, 50, और 51 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि ओखला पक्षी विहार संरक्षित वन क्षेत्र है जहां किसी भी तरह का शिकार करना या मछली पकडऩा प्रतिबंधित है।