द्वारका -नोएडा मेट्रो लाइन पर गिरा पेड़, कई घंटे मेट्रो सेवा बाधित

नोएडा – द्वारका -नोएडा मेट्रो लाइन पर बुधवार की शाम न्यू अशोक नगर स्टेशन के पास करीब साढ़े सात बजे एक पेड़ गिर गया, इस कारण कई घंटे तक सेवा प्रभावित हुई। मेट्रो को बिजली आपूर्ति करने वाले तार पर जब पेड़ गिरा तो आग भी लग गई थी। लाइन पर पेड़ गिरने से मेट्रो का संचालन रुक गया। जल्दी-जल्दी पेड़ को काटकर हटवाया गया, इसके बाद संचालन शुरू किया गया। लेकिन देर रात तक संचालन प्रभावित रहा। प्राप्त जानकारी के अनुसार न्यू अशोक नगर से आगे बढ़ते ही नोएडा सेक्टर 15 से पहले ट्रैक पर यह हादसा हुआ। एक पुराना सफेदा का पेड़, जो काफी ऊंचा था, वहीं टूटकर गिरा था। चूंकि उसकी ऊंचाई ज्यादा थी, इस कारण वह बिजली के तार पर गिरा और ट्रैक में बाधा बन गया। मेट्रो का संचालन रुका तो यात्रियों को काफी परेशानी हुई।