कुशीनगर में मातम में बदली शादी की शहनाई, 13 लोगों की उठी अर्थी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (17/02/2022) : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के नेबुआ नौरंगिया क्षेत्र में शादी की रस्म को निभाने के दौरान कुएं में गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया। और शादी की रस्म करते हुए कुएं में 22 महिलाएं व लड़कियां गिर गई। जिसमें 13 लड़कियों एवं महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई।

इस हादसे पर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दुख जताया है। और हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान किया है।
इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है।

इस हादसे की विस्तृत जानकारी देते हुए जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने बताया कि कल बुधवार को नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के नौरंगिया टोला में रात करीब 10 बजे परमेश्वर कुशवाहा नामक व्यक्ति के घर में शादी के लिए हल्दी की रस्म हो रही थी और कुछ महिलाएं एवं लड़कियां कुएं के ऊपर लगे जाल पर बैठकर रस्म अदा कर रही थीं।

वहीं कुएं पर बना जाल अचानक से टूट गया और उस पर बैठे सभी लोग कुए में जा गिरे। और अभी तक मिली जानकारी के मुताबिक इस घटना में 22 लड़कियां और महिलाएं कुएं में जा गिरी। जिसमें कुल 13 लड़कियों और महिलाओं की मौत हुई ।

पीएम मोदी ने ट्वीट करके कहा है कि उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा हृदयविदारक है। इसमें जिन लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, उनके परिजनों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। इसके साथ ही घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में जुटा है।

इस हादसे को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) ने दुख जताया है. हादसे के बाद प्रशासन ने मृतकों के परिवार के लिए 4-4 लाख मुआवजे का ऐलान किया है।

वहीं, इस हादसे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट किया है, कुशीनगर के नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र में कुएं में गिरने की दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल बचाव व राहत कार्य संचालित कराने तथा घायल लोगों का समुचित उपचार कराने के निर्देश दिए हैं। प्रभु श्री राम से घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना है।

हादसे में मृतकों की पहचान भी हो गई हैं

पूजा 19 वर्ष, शशि कला 15 वर्ष , शकुंतला 35 वर्ष, ममता देवी 35 वर्ष, मीरा 25 वर्ष, पूजा 20 वर्ष, परी 1वर्ष, ज्योति 15 वर्ष, राधिका 16 वर्ष, सुंदरी 15 वर्ष, आरती 10 वर्ष, पप्पी 20 वर्ष और मनु 8 वर्ष शामिल हैं।

आगे जिलाधिकारी ने बताया कि इस हादसे में करीब 10 अन्य लोग जख्मी भी हुए हैं जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके साथ मृतकों के परिजन को चार-चार लाख रुपए की सहायता दी जाएगी।