ओयो होटल में मिला 6 माह का भ्रूण, दो दिन तक रुके थे महिला-पुरुष

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा(21–05–2022): दिल्ली से सटे नोएडा फेज-3 कोतवाली एरिया के सेक्टर-71 स्थित एक ओयो होटल से एक 6 माह के बच्चे का भ्रूण मिला है। मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि होटल में एक महिला और पुरुष आए थे। दोनों एक कमरे में 2 दिन तक ठहरे थे। होटल छोड़ने के बाद कर्मचारियों ने कमरा चेक किया था, उसी दौरान नवजात शिशु का शव मिला है।

कमरा बुक कराते समय होटल कर्मियों ने दोनों के आधार कार्ड लिए थे। पुलिस की जांच में आया है कि महिला का आधार कार्ड ठीक है, जबकि पुरुष का आधार कार्ड फर्जी है। पुलिस महिला को दिल्ली की बता रही है, जबकि महिला के आधार कार्ड पर नोएडा का पता है। पुलिस को एनसीआर में अवैध गर्भपात कराने वाले गैंग का शक है।

नोएडा फेज-3 कोतवाली प्रभारी विवेक त्रिवेदी ने जानकारी देते हुए बताया की अभी मामले की जांच के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे की मदद और सर्विलांस के जरिए आरोपियों की तलाश की जा रही है।

 

पुलिस को शक है कि महिला के साथ डॉक्टर आया था। जिसने होटल में कमरा लेकर महिला का अवैध रूप से गर्भपात कराया है। हालांकि, पुलिस अभी पूरे मामले की छानबीन कर रही है।