जीआईपी मॉल में गांधी जयंती की पूर्व संध्या पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (03 अक्टूबर 2023): बीते 01 अक्टूबर को नोएडा सेक्टर-38 में स्थित जीआईपी मॉल में गांधी जयंती के पूर्व संध्या के अवसर पर भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उक्त कार्यक्रम में भारत के अलग अलग प्रदेशों की सांस्कृतिक झलक देखने को मिली। कार्यक्रम का आरंभ गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया गया।

बता दें कि जीआईपी मॉल में महात्मा गांधी के 10 फीट ऊंची प्रतिमा और 8 फीट लंबा चरखा लगाया गया है। साथ ही एक प्रदर्शनी के द्वारा गांधी जी के महत्वपूर्ण आंदोलनों का भी जिक्र किया गया है। जिससे आने वाली पीढ़ियों को गांधी के त्याग और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान से अवगत कराया जा सके।

उक्त सांस्कृतिक कार्यक्रम में शहर के अलग अलग संस्थाओं के 40 बच्चों ने अपनी मनमोहक प्रस्तुति दी। जिसमें त्यागराजन इंस्टीट्यूट के बच्चों ने भी अपनी प्रस्तुति दी। सभी बच्चों के अद्भुत प्रदर्शन से दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। अंत में सभी बच्चों के उत्साह वर्धन के लिए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।।