जन शिकायतों के निस्तारण मामले में प्रदेश में चौथे स्थान पर गौतमबुद्ध नगर पुलिस

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (06/04/2023): गौतमबुद्धनगर पुलिस की आईजीआरएस सेल ने माह मार्च 2023 में जन शिकायतों के निस्तारण में पूरे उत्तर प्रदेश की रैंकिंग में चौथा स्थान प्राप्त किया है। बता दें कि मार्च माह में गौतमबुद्धनगर पुलिस को प्रधानमंत्री पोर्टल के माध्यम से 71, मुख्यमंत्री कार्यालय से 63, जिलाधिकारी कार्यालय से 13, समाधान दिवस से 24, शासन से 2, पुलिस आयुक्त गौतमबुद्ध नगर कार्यालय के माध्यम से 384 शिकायतें आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त हुई थीं, जिनका त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के साथ-साथ शिकायतकर्ता को भी संतुष्ट किया गया। साथ ही किसी भी शिकायत को मुख्यमंत्री कार्यालय तथा पुलिस महानिदेशक कार्यालय से सी श्रेणी या डिफाल्टर श्रेणी प्राप्त नहीं हुआ।

वहीं बता दें कि पूर्व में गौतमबुद्धनगर कमिश्नरेट की आईजीआरएस सेल को अप्रैल 2022 में 75वां, मई 2022 में 29वां, जून 2022 में 56वां, जुलाई 2022 में 42वां, अगस्त 2022 में 77वां, सितंबर 2022 में 75वां, अक्टूबर 2022 में 69वां, नवंबर 2022 में 73वां, दिसंबर 2022 में 43वां, जनवरी 2023 में 71वां व फरवरी 2023 में 50वां स्थान आया था।

गौतमबुद्धनगर पुलिस द्वारा लगातार बेहतर कानून व्यवस्था स्थापित करने के साथ-साथ प्रतिदिन प्राप्त होने वाली सभी जन शिकायतों का त्वरित व गुणवत्तापूर्ण निस्तारण किया जा रहा है।।