नोएडा: पति ही निकला महिला अधिवक्ता का हत्यारा, पुलिस ने किया बड़ा खुलासा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा, (11 सितंबर, 2023): सुप्रीम कोर्ट की महिला अधिवक्ता रेनू सिन्हा के मौत की गुत्थी अब सुलझ गई है। पुलिस ने इसपर बड़ा खुलासा किया है। बता दें की महिला अधिवक्ता रेनू सिन्हा की हत्या के मामले में उनके पति पर जा रहा संदेह अब सही साबित हुआ है। इसके बाद पुलिस ने रेनू सिन्हा के पति नितिन नाथ सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। घर को बेचने के मामले को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ जिसमें महिला अधिवक्ता रेनू सिन्हा की मौत हो गई।

मृतका के भाई अजय कुमार द्वारा पुलिस को सूचना दी गयी कि थाना सेक्टर 20 क्षेत्रान्तर्गत निवासी सेक्टर 30 नोएडा की रहने वाली उसकी बहन रेनू सिन्हा का मोबाइल फोन उठ नहीं रहा है, और मकान में ताला बन्द है। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची तो देखा कि मकान का ताला बन्द है और रेनू सिन्हा का फोन उठ नही रहा है। नितिन नाथ सिंह का भी मोबाइल बन्द जा रहा है। किसी अनहोनी की आशंका के दृष्टिगत मौके पर सूचना देने वाले अजय कुमार व आस-पास के लोगों को बुलवाकर उनके सामने मकान का ताला तोड़कर पुलिस अन्दर गई, तो देखा कि ग्राउण्ड फ्लोर के अन्दर वाले रूम से लगे हुए बाथरूम में फर्श पर महिला अधिवक्ता रेनू सिन्हा का शव पड़ा था। मौके पर घटना स्थल को सुरक्षित किया गया तथा सूचना पर तत्काल पुलिस उपायुक्त, अपर पुलिस उपायुक्त, सहायक पुलिस आयुक्त नोएडा प्रथम गौके पर पहुंचे और तुरन्त फोरेन्सिक टीम को बुलाकर घटना स्थल व घटना स्थल के आस पास की जाँच करायी गयी। घटना स्थल से मृतका के रक्त नमूना व बिस्तर से प्राप्त बाल व खून लगा तकिया बरामद किया गया तथा मकान में लगे सीसीटीवी का हार्ड डिस्क को कब्जे में लिया गया।

प्रारंभिक जांच में तथा आसपास के लोगों से पुछताछ एंव वादी से पूछताछ के आधार पर हत्या करने वाला अभियुक्त मृतका का पति नितिन नाथ सिंह पाया गया। जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने बताया कि आरोपी और मृतका के सम्बन्ध ठीक नहीं थे। काफी दिनों से इन दोनो लोगों में आपसी विवाद था और बातों बातो में बहस होती थी, इसी बीच आरोपी के द्वारा जिस घर में वह रह रहे थे उसको बेचकर कहीं दूसरी जगह पर मकान लेकर रहने की बात चल रही थी। जिसको लेकर आरोपी और मृतका में काफी मनमुटाव था चूंकि ये इनका पैतृक घर था। इसलिए मृतका इस घर को नहीं छोड़ना चाहती थी। रविवार सुबह 10 सितंबर को सुबह लगभग आठ बजे आरोपी सो कर उठता है और उसी समय चाय पर दोनो लोगो में बहस होती है और इसी बहस में आरोपी के द्वारा उनकी पत्नी की गला दबाकर उसकी हत्या कर दी जाती है और शव को बाथरूम में छिपा दिया।

इस मामले में पुलिस ने तत्परता से आरोपी को 06 घंटे में गिरफ्तार कर लिया है।