वर्ल्ड चैंपियन गगन पहुंचे नोएडा, नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने किया भव्य स्वागत। पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (04/08/2022): नीदरलैंड में देश का नाम रोशन करने वाले नोएडा पुलिस के हीरो गगन पासवान अपने देश वापस लौट आए हैं। दिल्ली इंदिरा गांधी एयरपोर्ट पर नोएडा पुलिस के अधिकारियों ने पहुंचकर गगन का भव्य स्वागत किया है। इसके बाद दिल्ली से गगन का काफिला नोएडा पहुंचा। डीएनडी पर पहले से ही पुलिस के जवान गगन पासवान का स्वागत करने के लिए खड़े थे, आला अधिकारियों ने भी गगन को बधाई दी है।

गौतम बुद्ध नगर में तैनात उत्तर प्रदेश पुलिस के कॉन्स्टेबल गगन कुमार पासवान ने नीदरलैंड के रॉटरडम शहर में चल रहे ‘वर्ल्ड पुलिस एवं फायर गेम्स’ में एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। गगन पासवान ने नीदरलैंड में भारत का परचम लहराया है, उन्हें बैडमिंटन प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज मेडल मिला है। हालांकि मेडल जीतने के बाद गगन अब पुलिस कॉन्स्टेबल नहीं रह गए हैं, बल्कि गगन वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं। गगन ने पदक हासिल करके गौतम बुद्ध नगर पुलिस कमिश्नर का नाम रोशन किया है। गौतम बुद्ध नगर के आला अधिकारी पुलिस कमिश्नर आलोक कुमार सिंह, जॉइंट पुलिस कमिश्नर लव कुमार ,गौतम बुद्ध नगर के जिला अधिकारी सुहास एलवाई ने भी गगन पासवान को बधाई दी है।

गगन पासवान इससे पहले उत्तर प्रदेश के कई खेल प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा चुके हैं। गगन मूल रूप से सहरसा बिहार के रहने वाले हैं, उनका जन्म उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद जिले में हुआ था। उनके पिता भी उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत थे। पिता से प्रेरित होकर ही यूपी पुलिस में कांस्टेबल बने थे।