सांसद डॉ महेश शर्मा की मेहनत का सुखद परिणाम, नोएडा में खुलेगा डाक विभाग का नया डाक मंडल

Bhartiy Dak Sewa

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (11 दिसंबर 2023): नोएडा वासियों के लिए एक बड़ी खुशखबरी है। गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा की मेहनत रंग लाई है। सांसद डॉ महेश शर्मा ने केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव को चिट्ठी लिखकर नोएडा में डाक-तार विभाग का दफ्तर खोलने की मांग की थी। वहीं केन्द्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नोएडा में डाक मंडल बनाने का आदेश जारी किया है।

जानकारी के लिए बता दें कि नोएडा (गौतमबुद्धनगर जिला) का डाक मंडल कार्यालय गाजियाबाद में है। जो नोएडा से लगभग 30-35 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है। जिससे नोएडा निवासियों को गाजियाबाद डाक मंडल जाने में परेशानी होती है। इसलिए पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर लोकसभा चुनाव सांसद डॉ महेश शर्मा ने केन्द्रीय संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव को नोएडा में डाक मंडल बनाने के लिए पत्र लिखा था। वही सांसद डॉ. महेश शर्मा के अनुरोध पर केन्द्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने नोएडा में डाक मंडल स्थापित करने का फैसला लिया है और अब जल्द ही नोएडा में डाक मंडल स्थापित किया जाएगा। फैसले के बाद डाक तार विभाग ने काम शुरू कर दिया है। संभावना जताई जा रही है कि जल्द ही नोएडा में डाक मंडल स्थापित होकर काम करना शुरू कर देगा।

पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ महेश शर्मा ने अपने ट्विटर अकाउंट से ट्वीट कर लिखा कि “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में केंद्रीय रेलवे एवं संचार मंत्री अश्विनी वैष्णव द्वारा गौतमबुद्ध नगर संसदीय क्षेत्र के प्रिय निवासियों की डाक सेवाओं से संबंधित समस्याओं का निराकरण करते हुए गौतमबुद्ध नगर जनपद में नए डाक मंडल की स्थापना को मंजूरी देने पर समूचे क्षेत्रवासियों की तरफ से अभिनंदन एवं हृदय से आभार।”