लोकसभा चुनाव 2024: उत्तर प्रदेश में सपा-कांग्रेस में बन गई बात, सपा के खाते में गौतमबुद्ध नगर सीट

टेन न्यूज नेटवर्क
नोएडा (21 फरवरी 2024)

लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच बात बन गई है और सीटों का बंटवारा भी हो गया। INDIA गठबंधन के तहत सीटों के बंटवारे का आज औपचारिक घोषणा भी कर दी गई है। सीट बंटवारे की कड़ी में गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट समाजवादी पार्टी के खेमे में गई है।

सपा -कांग्रेस के गठबंधन पर क्या बोले गौतमबुद्ध नगर सपा अध्यक्ष

सपा – कांग्रेस गठबंधन को लेकर समाजवादी पार्टी के गौतमबुद्ध नगर अध्यक्ष सुधीर भाटी ने कहा कि कार्यकर्ताओं के जोश को देखते हुए यह पहले ही तय था कि यह सीट समाजवादी पार्टी के खेमे में आने वाली है। इस विषय को सुनकर कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह है कि साइकिल के सिंबल पर यह चुनाव लड़ा जाएगा। अच्छे वोटों के साथ हम गौतमबुद्ध नगर की सीट जीतने वाले हैं। उम्मीदवार की घोषणा माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा संगठन से विचार विमर्श करने के बाद की जाएगी।

इस विषय पर समाजवादी पार्टी के नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ आश्रय गुप्ता का कहना है कि समाजवादी पार्टी गौतम बुद्ध नगर में अपनी एक विशेष पहचान बनाए हुए है। इसको देखते हुए एलायंस के द्वारा इस सीट को समाजवादी पार्टी के खेमे में रखा गया है। हम पूरी जोरदार मेहनत से चुनाव लड़ेंगे और हमारा प्रयास रहेगा की यह सीट हमारे एलाइंस द्वारा अच्छे वोट्स से जीते जा सके। साथ ही भाजपा के द्वारा उम्मीदवार दावेदारी को लेकर काफी चर्चाएं सामने आ रही है जिसका फायदा आगामी लोकसभा चुनाव में हमें जरूर होगा।

सपा -कांग्रेस गठबंधन पर क्या बोले बीजेपी के जिलाध्यक्ष

इस विषय पर भाजपा गौतमबुद्ध नगर के अध्यक्ष गजेंद्र मावी का कहना है कि इस गठबंधन से न सिर्फ जिले बल्कि प्रदेश एवं देश में भी कोई असर नजर नहीं पड़ेगा। गौतमबुद्ध नगर में एक बड़े अंतर से ऐतिहासिक मत प्राप्त कर भाजपा इस सीट पर कमल खिलाने वाली है।

इस विषय पर भाजपा के नोएडा महानगर अध्यक्ष मनोज गुप्ता का कहना है कि आगामी लोकसभा चुनाव में क्षेत्रीय सांसद द्वारा कही गई बातें सच होती प्रतीत हो रही है, उन्होंने कहा था कि विपक्षी दलों एवं उम्मीदवारों द्वारा चुनाव जीतने की कोई गुंजाइश नहीं है बल्कि उनकी जमानत भी जब्त हो सकती है।

आपको बता दें कि समाजवादी पार्टी एवं कांग्रेस पार्टी के गठबंधन को लेकर अब समझौता हो चुका है और उनके गठबंधन पर मुहर लग गई है। हालाकि गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट पर कमल खिलेगा या फिर चलेगा साइकिल का जादू ये तो समय तय करेगा।।