लोकसभा चुनाव 2024: आप के खाते में जा सकती है गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट, ये होंगे उम्मीदवार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (08 मार्च 2024): लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर देशभर में सियासी हलचलें तेज हो गई है, गहमागहमी का माहौल है। ऐसे में राजधानी दिल्ली से सटे होने के कारण गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट को लेकर सियासी पार्टियों के भीतर मंथन जारी है। बता दें कि राजधानी से सटे होने और औद्योगिक रूप से संपन्न होने के कारण गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट का अहम महत्व है।

डॉ महेश शर्मा पर बीजेपी ने जताया भरोसा

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी ने मौजूदा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा को चौथी बार मैदान में उतारा है। डॉ महेश शर्मा भाजपा के कद्दावर नेता हैं और उन नेताओं में शुमार हैं जिसका जमीन पर व्यापक जनाधार है। डॉ महेश शर्मा चौथी बार गौतमबुद्ध नगर से चुनाव लडेंगे, इससे पहले वो 2009, 2014 और 2019 में गौतमबुद्ध नगर से चुनाव लड़ चुके हैं। खास बात यह है कि वह इस क्षेत्र से लगातार 2014 और 2019 में प्रचंड जीत हासिल कर सदन पहुंचे और अब 2024 में भी बंपर जीत हासिल कर सदन पहुंचने की तैयारी में जुटे हैं।

डॉ महेश शर्मा की भारतीय जनता पार्टी में भी खास पकड़ मानी जाती है, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह के भी खास माने जाते हैं। इतना ही नहीं बल्कि पार्टी में उनके कद का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि पूर्व में वो मोदी सरकार में कई अहम विभागों के मंत्री की जिम्मेदारी भी निभा चुके हैं। और अब चौथी बार वो गौतमबुद्ध नगर लोकसभा क्षेत्र से चुनावी दंगल में उतरेंगे।

आप के खाते में जाएगी गौतमबुद्ध नगर सीट

भाजपा द्वारा अपने प्रत्याशी घोषित किए जाने के बाद अब सभी की नजर महागठबंधन के प्रत्याशी पर टिकी हुई है। बताया जा रहा है कि गौतमबुद्ध नगर से समाजवादी पार्टी के कई बड़े नेता चुनाव लड़ने के लिए इच्छुक नहीं है, और इसीलिए अब यह चर्चाएं तेज हो गई है कि दिल्ली से सटे होने के कारण यह सीट आम आदमी पार्टी के खाते में जा सकती है।

गौतमबुद्ध नगर लोकसभा सीट को लेकर मंथन दिल्ली से लखनऊ तक जारी है। दिल्ली से से होने के कारण समाजवादी पार्टी इस सीट को आम आदमी पार्टी को दे सकती है। नोएडा, ग्रेटर नोएडा से बड़ी तादाद में लोग रोजगार के लिए दिल्ली जाते हैं। दिल्ली में आम आदमी पार्टी की सरकार है और ऐसे में आम आदमी पार्टी इस सीट पर डटकर मुकाबला कर सकती है। बताया जा रहा है कि इस सीट को लेकर समाजवादी पार्टी और आम आदमी पार्टी के नेताओं के बीच वार्ता भी हो चुकी है।

आम आदमी पार्टी पंकज अवाना पर जता सकती है भरोसा

अगर यह सीट आम आदमी पार्टी के खाते में जाती है तो आम आदमी पार्टी के खेमे से पंकज अवाना को उम्मीदवार बनाए जाने की प्रबल संभावना है। अवाना पूर्व में भी आम आदमी पार्टी के टिकट पर नोएडा से चुनाव लड़ चुके हैं। वर्तमान में वे यूथ बिग्रेड उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष हैं।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन नोएडा महानगर की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Attachowk.com : नोएडा न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज नोएडा यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज़ पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।