Noida Authority: भाजपा ने खत्म कराई सफाई कर्मचारियों की हड़ताल, पूरी रिपोर्ट

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (05 अक्टूबर 2024): नोएडा में सफाई कर्मचारियों की हड़ताल पिछले कई दिनों से चल रही थी, जिसके कारण शहर में सफाई का काम प्रभावित हो रहा था। इस स्थिति को देखते हुए भाजपा नोएडा ज़िलाध्यक्ष मनोज गुप्ता ने हड़ताल को खत्म कराने के लिए मध्यस्थता की।

मनोज गुप्ता ने आज नोएडा अथॉरिटी के सीईओ को पत्र लिखा, जिसमें कर्मचारियों की मांगों का जल्द समाधान करने का आग्रह किया गया। इसके बाद, उन्होंने खुद सेक्टर 6 में हड़ताल कर रहे कर्मचारियों से मुलाकात की। कर्मचारियों ने अपनी समस्याएं साझा की, जिसमें उनकी सैलरी नहीं काटने और निलंबित कर्मचारियों को बहाल करने की मांग शामिल थी।

भाजपा ज़िलाध्यक्ष ने ACEO संजय खत्री के साथ मिलकर एक बैठक का आयोजन किया। बैठक में यूनियन के पदाधिकारियों ने अपनी प्रमुख मांग, जो कि कर्मचारियों की सैलरी बढ़ाने की थी, रखी। ACEO ने इस मुद्दे के समाधान के लिए तीन प्राधिकरण अधिकारियों और यूनियन के सदस्यों की एक समिति बनाने का आदेश दिया। यह समिति जल्द ही बैठक करेगी और समाधान निकालेगी। इन सभी मांगों पर सहमति बनने के बाद सफाई कर्मचारियों ने अपनी हड़ताल खत्म करने का निर्णय लिया। कर्मचारियों ने आश्वासन दिया कि वे कल से अपने काम पर वापस लौटेंगे।

भाजपा के मीडिया प्रभारी तन्मय शंकर ने बताया कि यह सात साल में पहली बार हुआ है जब नोएडा ज़िलाध्यक्ष को अथॉरिटी जाकर हड़ताल खत्म करने के लिए मध्यस्थता करनी पड़ी। हड़ताल में प्रमुख रूप से राधे पारचा, मनोहर वाल्मीक, बबली देवी, आनंद बगड़ी, नितिन चौटाला, दीपक छजलना और अर्जुन वाल्मीकि जैसे कर्मचारी शामिल थे।।

 

प्रिय पाठकों एवं दर्शकों, प्रतिदिन नोएडा महानगर की दस महत्वपूर्ण खबरों को पढ़ने Attachowk.com : नोएडा न्यूज पोर्टल को प्रतिदिन विजिट करे एवं अपनी ई मेल सबमिट कर सब्सक्राइब भी करे । नोएडा क्षेत्र   की विडियो न्यूज़ देखने के लिए टेन न्यूज नोएडा यूट्यूब चैनल को ज़रूर सब्सक्राइब करे।