नोएडा : कश्मीर व्यापारियों से फर्जी कंपनी के नाम पर फल मंगाने वाले चार गिरफ्तार

नोएडा : कश्मीर व्यापारियों से फर्जी कंपनी के नाम पर फल मंगाने वाले चार गिरफ्तार

जम्मू कश्मीर के व्यापारियों से फर्जी कंपनी के नाम पर लाखों रुपए का फल मंगा कर धोखाधड़ी करने वाले ठगों को कश्मीर पुलिस ने नोएडा से आज गिरफ्तार किया है।

पुलिस उन्हें ट्रांजिट रिमांड पर लेकर कश्मीर जा रही है। थाना सेक्टर 20 के प्रभारी निरीक्षक राजवीर सिंह चौहान ने बताया कि जम्मू के अनंतनाग जिले से पुलिस सुबह नोएडा आई। यहां से जम्मू पुलिस ने तेज बहादुर, एहसान, इमरान, व सन्नी अरोड़ा को गिरफ्तार किया है।
उन्होंने बताया कि इनके खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज है। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों ने पुलिस को बताया है कि ये लोग फर्जी कंपनी के नाम से जम्मू कश्मीर के व्यापारियों से फल मंगाते हैं और व्यापारियों को उनके पैसे नहीं देते थे।
उन्होंने बताया कि ये लोग अब तक दर्जनभर व्यापारियों से करोड़ों का फल मंगा कर धोखाधड़ी कर चुके हैं। गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने कुछ फर्जी दस्तावेज और मोबाइल फोन के सिम बरामद किए हैं, जिसे इन लोगों ने ठगी में प्रयोग किया है।