UP Budget 2022: गोरखपुर के लिए सरकार ने खोला खजाना

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (26 मई 2022): सूबे के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने विधानसभा में राज्य का 6 लाख 15 हजार 518 करोड़ का बजट 2022-23 पेश किया। यह बजट गोरखपुर के लिए काफी खास रहा, इसमें गोरखपुर के विकास के लिए कई योजनाओं की सौगात दी गई है। बजट में गोरखपुर में 113 करोड़ 52 लाख की लागत से आयुष विश्विद्यालय की स्थापना का बजट दिया गया है। वहीं चिड़ियाघर के विकास के लिए 50 करोड़ का बजट दिया गया है। इसके अलावा गोरखपुर में मेट्रो के प्रथम फेज की शुरुआत के लिए 100 करोड़ रुपए का बजट दिया गया।

महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्विद्यालय के लिए 113 करोड़ 52 लाख का बजट

गोरखपुर में बनने वाले आयुष विश्विद्यालय के लिए 113 करोड़ 52 लाख का बजट प्रस्तुत किया गया है। ज्ञात हो कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के पहल पर प्रदेश के प्रथम महायोगी गुरु गोरखनाथ आयुष विश्विद्यालय का शिलान्यास राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा 28 अगस्त 2021 को किया गया था।

1 लाख99 हजार 980.72 वर्गमीटर क्षेत्र में बन रहे इस विश्विद्यालय में प्रशासनिक भवन, अकादमिक भवन, अस्पताल, पुस्तकालय, प्रेक्षागृह, संग्रहालय, मोर्चरी, बालक एवं बालिका छात्रावास के अलावा तीन स्पोर्ट्स फील्ड बनाए जाएंगे। यह विश्विद्यालय तमाम आधुनिक एवं उत्तम सुविधाओं से लैश होगा।

शहीद अशफाक उल्लाह खान चिड़ियाघर के विकास के लिए 50 करोड़ का बजट

चिड़ियाघर के विकास के लिए भी 50 करोड़ का बजट दिया गया है। ज्ञात हो कि सूबे के मुखिया योगी आदित्यनाथ द्वारा 27 मार्च 2021 को गोरखपुर में चिड़ियाघर का निर्माण किया गया था।

इस चिड़ियाघर का नाम शहीद अशफाक उल्लाह खान प्राणि उद्यान रखा गया है। यह गोरखपुर के नौका बिहार के समीप ही स्थित है।

मेट्रो के लिए 100 करोड़ का बजट पेश किया गया

गोरखपुर में मेट्रो के प्रथम फेज की शुरुआत के लिए 100 करोड़ रुपए पेश किया गया है। इस बजट के पेश होने से शहर में लाइट मेट्रो की राह और आसान हो गई है।परियोजना के पहले चरण को केंद्र सरकार द्वारा मंजूरी दी जा चुकी है। योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल में इसके निर्माण एवं विकास के लिए 100 करोड़ का बजट पेश किया गया है।

कई मायनों में यह बजट प्रस्ताव गोरखपुर के विकास के दृष्टिकोण से काफी अहम कहा जा सकता है।।