यमुना को स्वच्छ करने का सराहनीय पहल, सामूहिक प्रयास से ही यमुना की स्वच्छता है संभव

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (19/06/2022): यमुना नदी राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र की एकमात्र नदी है और इसकी सफाई के लिए सभी नागरिकों को सामने आना होगा। इस बाबत नोएडा की विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने साथ मिलकर प्रत्येक रविवार को सुबह 6 बजे से 8 बजे तक यमुना की सफाई का विशेष अभियान चलाने का निश्चय किया है। प्रत्येक रविवार को सैकड़ो की संख्या में स्वयंसेवी समूह यमुना निर्मल करने की दिशा में सार्थक प्रयास करने का मन बनाया है।

 

वाईएसएस फाउंडेशन के संयुक्त प्रयास से आज यमुना घाट कालिंदी कुंज की सफाई का सामूहिक आगाज हुआ। जिसमें आज सदस्यों ने वहां फैले हुए मलबे, मूर्तियां, प्लास्टिक, बोतलें, पूजा का सामान, जलकुंभी, आदि चीजों को हटाकर उस जगह को स्वच्छ बनाने का एक छोटा सा प्रयास किया। अनमोल सहगल ने बताया कि बरसात से पहले प्लास्टिक तथा आसपास फैले हुए कचरे को घाट पर से हटा दे तो भूमि में उर्वरक क्षमता बनी रहेगी तथा साथ ही वह पानी के साथ आगे नहीं बहेगा और गंदगी के ढेर को कम करने में भी मदद मिलेगी।

 

टीम के सदस्यों ने वहां पर इकट्ठा हुआ कूड़े के ढेर को कचरे वाली गाड़ी में डलवा कर उस जगह को साफ कराया। यमुना घाट पर इधर-उधर पड़े पत्थरों को उठाकर उसी रास्ते के दोनों तरफ लगा कर एक नया उदाहरण प्रस्तुत किया।

 

वाईएसएस फाउंडेशन से दुर्गा मनीष पांडे ने समझाया कि पर्यावरण सुरक्षा सब की जिम्मेदारी है। जब तक हर घर से कोई व्यक्ति नहीं जुड़ेगा, तब तक पर्यावरण का बचाव करना बहुत मुश्किल है। कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सदस्य दीपा देवी आकाश प्रजापति, पूजा चौधरी, अनमोल सहगल, श्वेता त्यागी, देव त्यागी, दिनेश कुमार, किरण मिश्रा, दीपक मिश्रा, सरस्वती मंडल, राज मंडल, दीप चौधरी,गोपाल गुप्ता, ऋषभ पंडित, हृषिता, वैष्णवी मिश्रा आदि लोग मुख्य रूप से सम्मिलित रहे।