बहुमंजिला फैक्ट्री से गिरे दो मजदूर, एक की मौत

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (25 नवंबर 2022): फेज-2 थाना क्षेत्र के होजरी कॉम्प्लेक्स में रंगाई पुताई के दौरान रस्सी टूटने से दो मजदूर नीचे गिर गए। इस घटना में एक मजदूर की मौत हो गई है, वहीं दूसरे की हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है।

मीडिया रपटों के मुताबिक पुलिस ने जानकारी दी है कि होजरी कॉम्प्लेक्स स्थित बहुमंजिला फैक्ट्री की दीवार पर रंगाई पुताई का कार्य किया जा रहा था। रस्सी बांधकर वेद प्रकाश और सूरज रंगाई पुताई का कार्य कर रहे थे, तभी रस्सी टूटने के कारण दोनों मजदूर नीचे गिर गए। आनन फानन में दोनों को यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान वेद प्रकाश की मृत्यु हो गई।

सूरज की हालत गंभीर बनी हुई है उसे उपचार के लिए शुक्रवार को दिल्ली के एम्स में भर्ती कराया गया है। वेद प्रकाश और सूरज की उम्र 25 साल से कम है।