नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसा, 3 की मौत

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (18/12/2022): नोएडा-ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर आज यानी रविवार सुबह करीब 5:00 बजे एक बड़ा हादसा हो गया है। रविवार सुबह दो बस ओवरटेक करते समय टकड़ा गई, इस हादसे में जिसमें तीन लोगों के मृत्यु की खबर है। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक 13 लोग घायल हुए हैं। उन्हें शहर के अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं अभी कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसके वजह से मरने वालों की संख्या बढ़ने की संभावना है।

गौतमबुद्ध नगर पुलिस कमिश्नरेट से मिली जानकारी के मुताबिक, रविवार की सुबह करीब 5 बजे परी चौक से नोएडा जाने वाली सड़क पर सेक्टर-157 के सामने दो बसों में टक्कर हो गई। इनमें से एक बस एमपी 04पीए 3243 मध्य प्रदेश के शिवपुरी से दिल्ली जा रही थी। दूसरी बस UP17 एटी 6460 प्रतापगढ़ से आनंद विहार जा रही थी। ओवरटेकिंग करते वक्त दोनों बसें आपस में टकरा गई। इस घटना में घायल हुए तीन लोगों की अस्पताल में इलाज के दौरान मृत्यु हो गयी है। घायलों में 3 को यथार्थ अस्पताल ग्रेटर नोएडा और 10 को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं इस घटना के बाद करीब एक घंटे तक ग्रेटर नोएडा और नोएडा के बीच यातायात प्रभावित रहा। वहीं अब ट्रैफिक पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक एक्सप्रेसवे पर यातायात पूरी तरह से सामान्य है।