नोएडा में घरों में घुसा बाढ़ का पानी, 4 घंटे से रेस्क्यू जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (13 जुलाई 2023): लगातार हो रही बारिश के कारण यूपी, दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। चारों तरफ जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। ऐसे में लगातार बारिश और हथिनी कुंड बैराज में पानी छोड़े जाने के कारण यूपी के नोएडा के छपरौली, मंगरौली गांव डूब क्षेत्र में यमुना का पानी भर गया है। यमुना में जलस्तर बढ़ने के बाद नोएडा फायर विभाग और जिला प्रशासन अलर्ट हो गया है। गांव में रेस्क्यू जारी है, लगभग 250 से अधिक मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है।

आपदा से निपटने के लिए जिला प्रशासन तैयार

यमुना नदी में जलस्तर बढ़ने के बाद नोएडा के डूब क्षेत्र में जलजमाव की स्थिति बन गई है। हालाकि इस आपदा से निपटने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड पर है। बढ़ते हुए जलस्तर को देखते हुए जिला प्रशासन ने बाढ़ की आपदा से निपटने के लिए नियंत्रण कक्ष स्थापित किया है। नोएडा के जिला प्रशासन ने यमुना के हद में आने वाले करीब सभी गांवों के लिए 17 बाढ़ चौकियां भी तैनात की है। सदर तहसील के सफीपुर, मोमनाथल, तिलवाड़ा, मोतीपुर, लतीफपुर, और मकनपुर गांव में अलर्ट जारी किया गया है।।