स्वतंत्रता दिवस के दिन आजादी के जश्न में डूबा नोएडा, निकाली गई 1000 फीट की विशाल तिरंगा यात्रा

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा, (16 अगस्त, 2023): नव ऊर्जा युवा संस्था की तरफ से शहर में 1000 फीट की विशाल तिरंगा पदयात्रा का आयोजन किया गया। पदयात्रा का मुख्य उद्देश्य यात्रा के माध्यम से लोगों के मन मे राष्ट्रभक्ति के संचार को तेज करना और दैनिक जीवन में देश के लिए समर्पण का भाव जगाना था।

पदयात्रा की शुरुआत पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा एवं उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम द्वारा हरी झंडी दिखाकर नोएडा स्टेडियम के गेट नंबर 4 से की गई। इस तिरंगा यात्रा का समापन नोएडा सेक्टर 31 के कम्युनिटी सेंटर में हुआ। इस दौरान 3 हजार से अधिक युवाओं ने नोएडा के विभिन्न मार्गों पर यात्रा निकालते हुये शहरवासियो को देशभक्ति के लिये प्रेरित किया।

युवाओं के द्वारा लगाये गये नारों से पूरा क्षेत्र देश भक्ति के नारों से गूंज उठा। तिरंगा यात्रा का जगह जगह स्वागत हुआ। शहर की सड़कों में घूमी तिरंगा यात्रा से शहर का माहौल तिरंगामय हो गया और इसने शहर वासियों में देशभक्ति का जोश भर दिया। तिरंगा सम्मान पदयात्रा में काफी संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया।

यात्रा के समापन पर मुख्य सहयोगी संस्था भारत विकास परिषद् नोएडा के अध्यक्ष डॉ कुलदीप गुप्ता ने कहा कि राष्ट्रध्वज देश की आन-बान शान है। राष्ट्रीय स्वाभिमान से कभी समझौता नहीं करना चाहिए। लायंस गवर्नर ए के मित्तल ने लोगों से कहा आज की पीढ़ी में देशभक्ति की भावना को अधिक निरुपित करने की जरूरत है। इसी मुख्य उद्देश्य से समय-समय पर तिरंगा सम्मान यात्रा निकालना जरूरी हो गया है। इस मौके पर संस्था के अध्यक्ष पुष्कर शर्मा ने कहा कि तिरंगा सम्मान यात्रा राष्ट्र के एकता का प्रतीक है। देश है, तभी सब कुछ सुरक्षित है। इस भाव को सभी को समझना होगा। यात्रा में शहर के कई गणमान्य लोग उपस्थित हुए। आयोजकों ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी लोगों को बधाई दी।।