8 घंटे के भीतर पुलिस ने हत्या के मामले का किया खुलासा, तीन अभियुक्त को किया गिरफ्तार

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (31 अक्टूबर, 2023): थाना सेक्टर-39 पुलिस ने हत्या की घटना का मात्र 08 घंटे में सफल खुलासा किया है। हत्या करने वाले 03 अभियुक्त को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है ।उनके कब्जे से मृतक के 02 मोबाइल व आलाकत्ल चाकू बरामद हुआ है।

मृतक शशि शर्मा की हत्या की शिकायत थाना सेक्टर 39 में की गई थी। पुलिस द्वारा लोकल इंटेलिजेंस एवं गोपनीय सूचना के आधार पर कार्यवाही करते हुये आज 31 अक्टूबर को भरत चौहान, पराजा तिवारी और सीमा देवी को महामाया फ्लाई ओवर के नीचे से गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कब्जे से मृतक के 02 मोबाइल व आलाकत्ल चाकू बरामद किए हैं।

क्या था पूरा मामला

भारत चौहान अपनी पत्नी सीमा देवी के साथ 2006 से कुशल जीवन यापन कर रहा था और वह अपनी चाय की दुकान लगाता था और साथ ही कंस्ट्रक्शन कंपनी के अंतर्गत मजदूरी का कार्य करता था। मृतक शशि शर्मा भी भरत चौहान के साथ कार्य करता था। अच्छी मित्रता होने के कारण सेक्टर 62 में भरत चौहान के निवास स्थान के पास ही उसने भी अपना किराए पर कमरा ले लिया था। वर्ष 2021 में ही रात्रि के समय भरत चौहान ने अपनी पत्नी सीमा देवी तथा मृतक शशि शर्मा को आपत्तिजनक हालत में देख लिया। जिससे उस समय ही दोनों के मध्य विरोधाभास उत्पन्न हो गया था। इसके बाद उसने अपना आवास स्थान वहां से हटाकर सेक्टर 40 में बना लिया था परंतु कुछ समय बाद शशि शर्मा और सीमा देवी के बीच फिर से मित्रता होने लगी।

27 अक्टूबर 2023 को सीमा देवी द्वारा अपने पति भरत चौहान के मोबाईल फोन से मृतक शशि शर्मा से वार्ता की गयी थी। जिसकी रिकार्डिंग अभियुक्त भरत चौहान द्वारा सुन ली गयी थी। भरत चौहान ने अपनी पत्नी से पुनः इसका विरोध किया तो सीमा देवी द्वारा आत्महत्या का प्रयास किया गया जिसको भरत चौहान ने बचा लिया। राजा तिवारी गोरखपुर से नोएडा अपनी पढ़ाई के लिए आया था और महर्षि यूनिवर्सिटी में इंजीनियरिंग का छात्र था चाय की दुकान पर चाय पीने से उसकी मित्रता भारत चौहान से हो गई थी।

29 अक्टूबर 2023 को अभियुक्त राजा तिवारी, अभियुक्त भरत चौहान तथा सीमा देवी एक ही मोटर साइकिल पर सवार होकर मृतक से मिलने मृतक के आवास सैक्टर-40 पर आये। जहाँ मृतक शशि शर्मा मौजूद नहीं मिले तो अभियुक्ता सीमा देवी द्वारा मृतक को फोन करके बुलाया गया। मृतक तथा तीनो अभियुक्त मृतक के किराये के मकान में बैठकर दोनो के संबंधों के बारे में बात कर रहे थे कि तभी मृतक ने अभियुक्ता सीमा देवी को थप्पड मार दिया। जिससे तीनों अभियुक्तो ने एक जुट होकर चाकू से गला रेत कर मृतक शशि शर्मा की हत्या कर दी तथा हत्या करने के बाद तीनो एक ही मोटर साइकिल से घटनास्थल से फरार हो गये।।