स्पैरो मैन के नाम से मशहूर राकेश खत्री ने छात्राओं को पर्यावरण के बारे में दी शिक्षा

आज नोएडा में उत्कृष्ट भारत ट्रस्ट द्वारा पिछले 1 माह से चलाए जा रहे विद्या वाहिनी प्रोजेक्ट में राजकीय बालिका इंटर कॉलेज सेक्टर 51 होशियारपुर की छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी देने के लिए स्पैरो मैन के नाम से विश्व प्रसिद्ध राकेश खत्री उपस्थित रहे।
प्रोजेक्ट विद्या वाहिनी सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाली छात्राओं को किसी भी अन्य प्राइवेट/कान्वेंट स्कूलों के बच्चों के समान परिपक्व, समृद्ध और आत्मविश्वास से भरने की दृष्टि से चलाया गया है। प्रत्येक सप्ताह के शुक्रवार एवं शनिवार को 2 घंटे की विशेष क्लास इस विद्यालय की 30 छात्राओं के लिए आयोजित की जाती है।

राकेश खत्री ने स्कूल की सभी छात्राओं को पर्यावरण संरक्षण में अपना योगदान देने के लिए प्रेरित किया। पर्यावरण की महत्वता और उसे बचाने की जरूरत से अवगत कराया। पशु-पक्षी सब का पर्यावरण में क्या महत्व है इनसे भी सब बच्चों को उन्होंने रूबरू कराया। साथ ही उन्होंने चिड़ियों का घोंसला बनाने की कला का भी बच्चों को प्रशिक्षण दिया। सभी बच्चों ने इसमें खासी रुचि दिखाई।

बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार बहुचर्चित फ़िल्म 2.0 राकेश खत्री के जीवन से प्रेरित होकर ही बनाई गई है। इस अवसर पर उत्कृष्ट भारत ट्रस्ट के चेयरमैन लोकेश कश्यप, फाउंडर सदस्य  शारदा सिंघल, फाउंडर सदस्य एवं कार्यक्रम संयोजिका शारदा चतुर्वेदी एवं छवि गोयल उपस्थित रहीं।