महिलाओं की मृत्यु के संबंध में जिला प्रोबेशन अधिकारी ने दी जानकारी।

NOIDA (05/01/2022): जिला प्रोबेशन अधिकारी गौतम बुद्ध नगर अतुल कुमार सोनी ने राजकीय विशेषीकृत गृह में आवासित महिलाओं की मृत्यु के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय विशेषीकृत गृह (बालिका / महिला) सै0 34 गौतमबुद्धनगर में मानसिक रूप से मंदित अज्ञात महिलाओं को प्रथम श्रेणी मजिस्ट्रेट के माध्यम से आवासित कराया जाता है। इनकी सुरक्षा व्यवस्था और देखरेख के लिए लगभग 72 सी०सी०टी०वी० कैमरे लगे हुये है और स्टाफ नियुक्त है। उक्त संस्था पूर्व में पी०पी०पी०मॉडल पर संचालित थी। उन्होंने बताया कि विगत दो वर्षों में उक्त संस्था से 60 से अधिक मानसिक रूप से मंदित संवासियों का उपचार एवं काउन्सिलिंग कराकर मजिस्ट्रेट के माध्यम से उनके परिजनों की सुपुर्दगी में करते हुये पुनर्वासन किया गया है।

उन्होंने उक्त प्रकरण के संबंध में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि दिनांक 20.12.2021 को सुनीता उम्र 50 वर्ष, दिनांक 23.12.2021 को आराधना उम्र 50 वर्ष, दिनांक 30.12.2021 को प्रियंका उम्र 25 वर्ष का देहान्त जिला अस्पताल सेक्टर 30 में उपचार के दौरान हुआ। संवासिनी रूबी उम्र 30 वर्ष का देहान्त दिनॉक 03.01.2022 को संस्था में प्रातःकाल में हुआ। उक्त महिलाये मानसिक रूप से बीमार थी तथा सीजर की समस्या से ग्रसित थी। इनका उपचार जिला चिकित्सालय के चिकित्सक डा० तनूजा गुप्ता द्वारा किया जा रहा था। जिला चिकित्सालय की दो नर्स द्वारा संवासिनियों को आवश्यक दवाये दी जाती है। उक्त महिलाओं के देहान्त की सूचना प्राप्त होते ही संबन्धित पुलिस थाना सै० 24 नोएडा के प्रभारी को अवगत कराते हुये नियमानुसार पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार कराया गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर ही मृत्यु का वास्तविक कारण बता पाना संभव होगा। कुछ व्यक्तियों के द्वारा उक्त तथ्यों को भ्रामक ढंग से जनमानस में प्रस्तुत किया जा रहा है जो उचित नहीं है। अतः मीडिया से अनुरोध है कि तथ्यों के साथ सही सूचना प्रकाशित करें, जिससे किसी भी प्रकार के अफवाह की स्थिति उत्पन्न न हों और जनमानस में संस्था के प्रति गलत संदेश न जाये।