गुमशुदा बुजुर्ग महिला को सकुशल परिजनों से मिलवाया

टेन न्यूज नेटवर्क

ग्रेटर नोएडा (11/12/2022): दिनांक 10/12/2022 को थाना बीटा-2 क्षेत्रांतर्गत जीएफएस प्लाजा के पास बदहवास हालत में एक बुजुर्ग महिला उम्र करीब 82 वर्ष गुमशुदा अवस्था में घूमती हुई पाई गई जो अपने बारे में कुछ नहीं बता पा रही थी, आस-पास मौजूद लोगों द्वारा महिला को चौकी एच्छर पर उनको लाया गया जिसपर पुलिसकर्मियों द्वारा उक्त महिला के सम्बन्ध में आस-पास काफी जानकारी की गई परन्तु कोई जानकारी नही मिल सकी।

कडे़ प्रयास व जानकारी करने के बाद पता चला की उक्त महिला श्रीमती महेश्वरी रावत उम्र करीब 82 वर्ष है जिन्हें भूलने की बीमारी है तथा दिल्ली संगम विहार की रहने वाली है। कल दिनांक 9-12-2022 को वह एक शादी में शामिल होने गौतमबुद्धनगर अपने परिजनों के साथ आई थी। शादी समारोह के दौरान वह अपने परिजनों से बिछड़ गई जिसके पश्चात उनके परिजनों ने उन्हें काफी ढूंढा लेकिन जब वह नहीं मिली तो उनके परिजनों द्वारा अजायबपुर चौकी थाना दादरी में जाकर उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गयी।

थाना बीटा-2 पुलिस द्वारा तत्काल उनके पुत्र से संपर्क किया गया और उन्हें सूचना देकर उक्त महिला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया गया। परिजनों द्वारा गौतमबुद्धनगर पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए भूरि-भूरि प्रशंसा की गई।