पहले माफियाओं का दंगा होता था अब खिलाड़ियों का दंगल होता है: केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर। सांसद खेल स्पर्धा 2023, नोएडा

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (21 अप्रैल 2023): नोएडा के सेक्टर 21 में स्थित नोएडा इंडोर स्टेडियम में तीन दिवसीय”सांसद खेल स्पर्धा 2023″ का आगाज हो चुका है। नोएडा स्टेडियम में आयोजित भव्य कार्यक्रम में केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण, युवा मामले एवं खेल मंत्री अनुराग ठाकुर, गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम सहित कई अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे। दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरुआत हुई।

बता दें कि इस शानदार भव्य कार्यक्रम का आयोजन पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा ने की थी वहीं इस मौके पर पांच हजार से अधिक लोग एवं सैकड़ों अलग अलग खेलों के खिलाड़ी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान पूरा हॉल उत्साह से लबरेज दिखा और बीच बीच में “भारत माता की जय” के खूब नारे लगे।

पहले माफिया शूट करते थे, अब खिलाड़ी शूटिंग में मेडल लाते है : केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर

मंच से अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश की कानून व्यवस्था को लेकर कहा कि ” प्रदेश में दमदार योगी सरकार आई है। सरकार बदलने से सोच बदली है। पहले माफिया शूट करते थे, अब शूटिंग हो रही है। पहले माफियाओं के दंगे होते थे, अब खिलाड़ियों की दंगल हो रहा है।”

केंद्रीय मंत्री ने आगे कहा कि खेलों का इंफ्रास्ट्रक्चर बन जाता है लेकिन यदि खिलाड़ी ही नहीं आएंगे तो किसी काम का नहीं है। सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने बढ़िया प्रोग्राम कराया है। साल 2014 से पहले कांग्रेस की सरकार में 934 करोड़ का खेल बजट था। आज भाजपा सरकार में 3 हजार करोड़ से अधिक का खेल बजट है। खेलो इंडिया के लिए प्रधानमंत्री ने 3000 करोड़ के बजट को मंजूरी दी है। खेलो इंडिया के तहत देशभर के 15 हजार खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।

अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने आगे कहा कि सरकार खिलाड़ियों को बहुत अधिक सुविधाएं दे रही है। यह पहले नहीं हो रहा तह यह अब की सरकार कर रही है। इसी का नतीजा है कि आज देश के खिलाड़ी ओलंपिक, कॉमन वेल्थ गेम, पैरा ओलंपिक, थॉमस कप में पदक जीत रहे हैं। भारत की बेटियां पदक जीत रही है। दिव्यांग खिलाड़ियों ने भी रिकॉर्ड बनाने का काम किया है।

गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा का उत्साहवर्धक संबोधन, राहुल गांधी पर कसा तंज

स्थानीय सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री और इस शानदार आयोजन के आयोजक डॉ महेश शर्मा ने मंच से अपने संबोधन में कहा कि कर्म भूमि के सम्मानित साथियों को अभिनंदन करता हूं। दुनिया के अलग अलग देशों के नेताओं के साथ जब हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बातचीत करते है और वैश्विक पटल पर भारत का प्रतिनिधित्व करते हैं तो काफी अच्छा लगता है।

उन्होंने आगे कहा कि किसी भी समचीन मुद्दों पर सबसे पहले और तार्किक प्रतिक्रिया देते हैं केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर। राहुल गांधी की सदस्यता जाने पर तंज कसते हुए लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि आज भी अनुराग ठाकुर ने कहा है कि माफी तो मांगनी होगी।

नोएडा से भाजपा विधायक पंकज सिंह ने मंच से अपने संबोधन में कहा कि कार्यकर्ताओं और खिलाड़ियों का उत्साह देखने लायक है। विश्व में राष्ट्र का तिरंगा सबसे ऊंचा और राष्ट्र गान का गायन एक खिलाड़ी ही दे सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कहा कि अनुराग ठाकुर युवाओं के रोल मॉडल हैं।आज यहां मौजूद खिलाड़ियों और युवाओं का उत्साह देखने लायक है।

भारत माता की जय के लगे नारे

कार्यक्रम के शुरआत में पूरे हॉल में “भारत माता की जय” के खूब नारे लगे। अतिथियों को पुष्पगुच्छ एवं शॉल ओढ़ाकर स्वागत किया और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम की शुरआत हुई। मंच पर केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, दादरी विधायक तेजपाल नागर, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष विमला बाथम सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।

सांसद खेल स्पर्धा 2023 के शुभारंभ की घोषणा करने के पश्चात केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह ने खिलाड़ियों के बीच जाकर उनके साथ बैडमिंटन, टेबल टेनिस, आदि भी खेला और खिलाड़ियों का हौसला अफजाई किया।।