साहित्य नव सृजन का वार्षिकोत्सव संपन्न। डॉ संगमलाल त्रिपाठी भंवर को मिला महाप्राण निराला सम्मान।

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (17 जुलाई 2023): साहित्य सेवा के क्षेत्र में बहुत तेजी से उभर रही संस्था साहित्य नव सृजन का तीसरा वार्षिक समारोह दिनांक 16 जुलाई 2023 को नोएडा सेक्टर 126 स्थित एचसीएल, किरण नादर म्यूजियम ऑफ आर्ट के त्रिवेणी सभागार में संपन्न हुआ। इस समारोह में देश के ख्यातिलब्ध, प्रतिष्ठित साहित्यकार,और ग़ज़लकार शामिल हुए।

कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ गीतकार डॉ रमा सिंह ने की। वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री और रवि सरीन फिल्म इंस्टीट्यूट की कास्टिंग डायरेक्टर दिपाली सरीन कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि रहे। कार्यक्रम का संचालन संस्था की संस्थापिका महासचिव अनुपमा पांडेय ‘ भारतीय’ ने किया। राशिका भसीन द्वारा मां वाणी की नृत्य वंदना से कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ।

संस्था के अध्यक्ष वरिष्ठ साहित्यिक गीतकार ओंकार त्रिपाठी ने अपने उद्बोधन में संस्था के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इस वर्ष का महाप्राण निराला सम्मान प्रतापगढ़ उत्तर प्रदेश के वरिष्ठ साहित्यकार डॉ संगमलाल त्रिपाठी ‘भंवर’ को प्रदान किया गया है। डॉ संगमलाल त्रिपाठी ‘भंवर’ विभिन्न विषयों पर 14 से अधिक पुस्तकें लिख चुके हैं और लगभग 50 वर्षों से हिंदी साहित्य की सेवा कर रहे हैं। वरिष्ठ पत्रकार आशुतोष अग्निहोत्री ने अपने संबोधन में साहित्य नव सृजन को पूरे प्रदेश में विस्तारित करने का सुझाव दिया। डॉ रमा सिंह ने साहित्य नव सृजन की सकारात्मक कार्यशैली को सबसे भिन्न बताए हुए संस्था के उज्जवल भविष्य के लिए अपनी शुभकामनाएं दी।

संस्था की संस्थापिका और महासचिव अनुपमा पांडेय भारतीय ने संस्था की तीन साल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला और तीन साल की उपलब्धियों को तीन मिनट का चलचित्र बनाकर पेश किया। संस्था के सलाहकार यशपाल सिंह चौहान समीक्षक पुष्प शर्मा, डॉ शैलबाला अग्रवाल और कृष्ण कुमार दुबे ने अपने वीडियो संदेश से संस्था को अपनी शुभ कामनाएं दी।

हरियाली मास सावन को ध्यान में रखते हुए धानी रंग का अंगवस्त्र पहनाकर सभी उपस्थित साहित्य मनीषियों को सम्मानित किया गया।

विशिष्ट साहित्यकारों में बाबा कानपुरी, डॉक्टर हरिदत्त गौतम, विनय विक्रम सिंह, जयराम शर्मा दिव्य डॉ तारा गुप्ता, संजय जैन, कर्नल प्रवीण त्रिपाठी, मीनू त्रिपाठी, डॉ मेजर प्राची गर्ग, डॉ अवधेश तिवारी ‘भावुक’ ,संजय जैन, प्रदीप सुमनाक्षर, चंद्रभानु मिश्र, डॉ सुशील द्विवेदी, डॉ रानी कंचनलता, तूलिका सेठ, प्रेम सागर प्रेम, पुष्प लता बजाज, हरेंद्र यादव फकीर, सुरेंद्र शर्मा, हरेंद्र चंचल वशिष्ठ, मीनाक्षी भसीन, मीनू वर्मा, पूजा, प्रेरणा अर्चना झा आदि साहित्यकारों की उपस्थिति में यह कार्यक्रम संपन्न हुआ। सभी उपस्थित साहित्यकारों को “साहित्य गौरव सम्मान” मेडल और उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

अतिथि सम्मान से जुड़े द्वितीय चरण का संचालन अंतस की अध्यक्ष पूनम मटिया ने किया सुश्री नेहा शर्मा ने भी कार्यक्रम के बीच में मंच संचालन करते हुए संस्था की उपाध्यक्ष डॉ रीता जयहिंद के साथ उपस्थित साहित्यकारों को सम्मानित करने में अपना सहयोग प्रदान किया।

संस्था की सचिव वंदना कुंवर रायजादा के धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ।