वर्दी का फर्ज भी और मानवता का धर्म भी: गौतमबुद्ध नगर पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने पेश की मानवता की मिसाल

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (26/07/2023): पुलिस अधिकारियों को लेकर समाज में आमतौर पर एक सख्त व्यक्तित्व वाली धारणा बनी हुई है। लेकिन इसके उलट गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह ने एक कोमल हृदय, सहज एवं सरल व्यक्तित्व का उदाहरण पेश किया है।

दरअसल गौतमबुद्ध नगर की पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह लगातार बाढ़ प्रभावित इलाकों का निरीक्षण कर रही हैं। इसी क्रम में आज उन्होंने एक बच्चे को अपने गोद में उठाकर वहां से निकाला और सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया। जिसके बाद लोग एकबार फिर उनकी काफी तारीफ कर रहे हैं।

बता दें कि पुलिस आयुक्त ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में लोगों से बातचीत की और उन्हें धैर्य बनाए रखने की अपील की। साथ ही उन्हें सुरक्षित स्थानों पर जाने को भी कहा।

गौरतलब है कि पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह पूर्व में भी ऐसे उदाहरण पेश कर चुकी है। जनवरी 2023 में सड़क दुर्घटना की शिकार हुई स्वाति नाम की छात्रा को पुलिस आयुक्त ने निजी कोष से एक लाख और जनपद पुलिस प्रशासन द्वारा दस लाख की मदद प्रदान की थी।