महिला उन्नति संस्था की विधिक सलाहकार बनी अधिवक्ता नीलम यादव

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (31 दिसंबर 2023): महिला उत्थान को समर्पित सामाजिक संगठन महिला उन्नति संस्था ने महिलाओं को कानूनी सहायता उपलब्ध कराने के लिए ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी दिल्ली हाई कोर्ट की अधिवक्ता नीलम यादव को अपना विधि सलाहकार नियुक्त किया है।

बता दें कि नीलम यादव को नियुक्ति पत्र सौंपते हुए संस्थापक डॉ राहुल वर्मा ने कहा कि संगठन जल्द जनपद गौतमबुद्ध नगर में महिलाओं के लिए काउंसलिंग सेंटर खोलने जा रहा है, जहां पर महिलाओं को कानून की जानकारी के साथ-साथ कानूनी सहायता भी उपलब्ध कराई जाएगी। जिसके लिए एक सक्षम एवं अनुभवी अधिवक्ता की आवश्यकता होती है, एडवोकेट नीलम यादव पीड़ित महिलाओं की आवाज बनकर उनको कानूनी सहायता करने में सक्षम है।

वहीं एडवोकेट नीलम यादव ने उन्हें संगठन का विधि सलाहकार के रूप में महिलाओं के लिए कार्य करने का अवसर दिए जाने पर संगठन का आभार जताते हुए कहा कि अधिकतर महिलाएं कानून की जानकारी के अभाव में शोषित होती रहती हैं, महिलाओं को जागरूक करने का कार्य किया जाएगा।

इस दौरान संगठन के कोऑर्डिनेटर मनोज झा, राष्ट्रीय सचिव गीता चौधरी, उपाध्यक्ष रणवीर चौधरी, जनपद गौतमबुद्ध नगर की जिला अध्यक्ष रेनू शर्मा, नोएडा महानगर अध्यक्ष कविता सिंह, प्रदेश के सचिव और महासचिव डॉ ओमवीर बघेल एवं अजय पाल भाटी आदि मौजूद रहे।