प्रभु श्री राम के आगमन पर पूरे प्रदेश को सजाया जाएगा, उत्तर प्रदेश शासन द्वारा विशेष दिशा-निर्देश जारी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (11 जनवरी 2024): ‘राम की नगरी’ अयोध्या धाम में आगामी 22 जनवरी को प्रभु श्री राम की प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम प्रस्तावित है। इस भव्य एवं दिव्य आयोजन को देखते हुए उत्तरप्रदेश शासन की ओर से कुछ दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।

उत्तर प्रदेश शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देश

(1) बेसिक शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा एवं उच्च विभाग द्वारा 22 जनवरी 2024 को सभी स्कूलों/ कॉलेजों में सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाए।

(2) 22 जनवरी 2024 को पूरे प्रदेश में शराब की दुकानें बंद रखी जाए।

(3) 16 जनवरी से 22 जनवरी 2024, एक सप्ताह तक हर देव मंदिर में राम संकीर्तन आदि का आयोजन किया जाए। 22 जनवरी 2024 को सायंकाल हर घर, घाट/ मंदिर में दीपोत्सव का कार्यक्रम किया जाए।

(4) अयोध्या में सरयू घाट पर दीपोत्सव का आयोजन एवं तदोपरांत हरी आतिशबाजी की व्यवस्था की जाये।

(5) सभी सरकारी इमारती, स्कूल कॉलेज को भी सजाया जाए।

(6) कार्यक्रम का लाइव प्रसारण हेतु सूचना विभाग द्वारा अयोध्या में 50 अतिरिक्त डिजिटल बोर्ड की व्यवस्था की जाए।

(7) पूरे प्रदेश के देव मंदिरों में स्क्रीन लगाकर कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाए।

(8) सभी नगरी एवं गांव में नगर विकास एवं पंचायतीराज विभाग के माध्यम से 14 से 21 जनवरी के मध्य विशेष सफाई का अभियान चलाया जाये। इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री 14 जनवरी को अयोध्या में करेंगे। सभी जनपद मुख्यालयों पर उसके बाद 14 जनवरी को जनप्रतिनिधियों के साथ विशेष सफाई अभियान की शुरुआत की जाये।

(9) प्रदेश के सभी कार्यालयों में भी 14 जनवरी से 21 जनवरी के मध्य विशेष सफाई अभियान चलाया जाये। इससे प्लास्टिक एवं गंदगी की सफाई करके परिसर को स्वच्छ एवं सुन्दर बनाया जाने।

(10) 22 जनवरी को लोगों को प्रेरित कर घर-घर एवं संस्थाओं इत्यादि में राम ज्योति जलायी जाये।

(11) प्रदेश के सभी कार्यालयों में 22 से 26 जनवरी तक विशेष प्रकाश की व्यवस्था की जाये।

यह सब मुख्य निर्देश उत्तर प्रदेश शासन की तरफ से जारी किए गए हैं। जिनका कड़ाई से पालन पूरे उत्तर प्रदेश में होना है, इसको देखते हुए गौतम बुद्ध नगर जिले में भी कई कार्यक्रम प्रस्तावित किए गए हैं।।