रेव पार्टी मामले में गिरफ्तार 5 अभियुक्तो ं को भेजा गया 4 घंटे की रिमांड पे।

सेक्टर-135 के ईको फॉर्म हाउस में हुई रेव पार्टी से गिरफ्तार 192 लोगों के मामले में पुलिस को पांच मुख्य अभियुक्तों का चार घंटे के लिए रिमांड मिला है। इन्हें बुधवार सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक पुलिस रिमांड पर लेगी। उधर, बुधवार को जेल में बंद 122 अन्य अभियुक्तों की जमानत पर सुनवाई होगी।

बता दें कि नोएडा में डूब एरिया में बने अवैध फार्म हाउस में शनिवार रात 192 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। सभी को जेल भेज दिया गया था। मंगलवार को जिला अदालत में पुलिस ने पांच मुख्य आरोपितों की 24 घंटे की रिमांड मांगी। पुलिस ने तर्क रखा कि अभियुक्तों से केस के संबंध में महत्वपूर्ण बरामदगी करनी है। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने पांच आरोपितों फॉर्म हाउस के मालिक अमित त्यागी, कपिल सिंह, पंकज शर्मा, अदनान और विहलेश कोहली का 4 घंटे के लिए पुलिस रिमांड मंजूर कर लिया। पुलिस बुधवार को इनको रिमांड पर लेकर केस से जुड़े सबूत खंगालेगी।

रेव पार्टी में खुद को पुलिस वाला बताने वाले दो लोगों की खोजबीन में पुलिस जुटी हुई है। आशंका है कि ये दोनों लोग किसी सरकारी विभाग के हो सकते हैं। प्रकरण की जांच सेक्टर-49 थाने के एसएचओ अजय कुमार अग्रवाल को दी गई है। 4 मई की देर रात को एसएसपी वैभव कृष्ण ने पुलिस टीम के साथ ईको फॉर्म हाउस पर छापा मारा था।

इस दौरान वहां पर 161 युवक व 31 युवतियां गिरफ्तार किए गए थे। पार्टी में अन्य राज्यों से तस्कारी कर लाई गई शराब परोसी जा रही थी। गिरफ्तार किए गए लोगों में फॉर्म हाउस का मालिक अमित त्यागी व चार अन्य आयोजक भी शामिल थे। जांच में पुलिस फॉर्म हाउसों में हुई अन्य पार्टियों के बारे में भी डिटेल जुटा रही है। ईको फॉर्म हाउस में पिछले एक साल से पार्टियों का आयोजन किया जा रहा था। पार्टी का पोस्टर तैयार करके उसे सोशल मीडिया के माध्यम से प्रचारित किया जाता था। पार्टी में हर शख्स को दस हजार रुपये लेकर एंट्री दी जाती थी।