आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता मनीष सिसोदिया ने नोएडा में लिया तिरंगा संकल्प यात्रा में हिस्सा

आम आदमी पार्टी ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता व दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद संजय सिंह के नेतृत्त्व में नोएडा में तिरंगा संकल्प यात्रा का आयोजन किया| इस यात्रा में हजारों लोगों ने हिस्सा लिया। आम आदमी पार्टी पूरे उत्तरप्रदेश में तिरंगा संकल्प यात्रा का आयोजन करेगी। इस अवसर पर सिसोदिया ने कहा कि तिरंगे की आन-बान-शान के लिए हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने जान दी आज उत्तर प्रदेश की राजनीति में उसी तिरंगे की शान में गुस्ताखी की जा रही है, तिरंगे की शान में चोट पहुँचाने की कोशिश की जा रही है| उन्होंने कहा कि, हम ईमानदारी और शिक्षा के जरिए विकास की राजनीति उत्तर-प्रदेश के गाँव-गाँव तक लेकर जाएंगे और तिरंगे की आन-बान-शान को वापस लाने का काम करेंगे| आम आदमी पार्टी, उत्तर प्रदेश में तिरंगा यात्रा निकाल संकल्प लेगी कि इस तिरंगे के नीचे रहने वाले हर बच्चे, महिला, बुजुर्ग और किसान को उनका अधिकार मिले|

सिसोदिया ने कहा कि भाजपा वाले राष्ट्रवाद की बाद करते है, लेकिन जब तिरंगे के नीचे खड़े लोगों के बच्चों को शिक्षा देने की बात आती है तो शिक्षा देना तो दूर बे वच्चों के मिड-डे-मील के पैसे खा जाते है| जब कोई पत्रकार इसपर सवाल उठाता है कि बच्चों को मिड-डे-मील में नून-तेल-रोटी क्यों दिया जा रहा है तो उसे गिरफ्तार कर 6 महीने के लिए जेल में डाल दिया जाता है|  भाजपा के इस कृत्य से तिरंगे की शान में बट्टा लगता है| उन्होंने साझा किया कि 3 दिन पहले उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद में एक प्रसूता स्त्री ने बेड के अभाव में अस्पताल के बाहर रोड पर दम तोड़ दिया| उत्तर प्रदेश सरकार इतनी निकम्मी हो चुकी है कि वो प्रसूता स्त्री को बेड उपलब्ध नहीं करवा पा रही है, ये बेहद शर्मनाक बात है और इससे तिरंगे की शान में बट्टा लगता है|

मनीष सिसोदिया ने कहा कि, उत्तर प्रदेश सरकार न तो बेरोजगारों को नौकरी दे पा रही है और न ही किसानों को उनकी फसलों का वाज़िब दाम मिल रहा है| पूरे प्रदेश में हर जगह भ्रष्टाचार व्याप्त है| हम ईमानदारी और शिक्षा के जरिए विकास की राजनीति उत्तर-प्रदेश के गाँव-गाँव तक लेकर जाएंगे| और आजादी के 75वें साल में ये संकल्प लेते है कि अपने काम के जरिए हम तिरंगे की आन-बान-शान को बढ़ाएंगे| बाबा साहब और बाकि स्वतंत्रता सेनानियों ने जैसे भारत का सपना देखा था उस उद्देश्य को पूरा करने का काम करेंगे|

आम आदमी पार्टी से राज्यसभा संसाद संजय सिंह ने इस अवसर पर कहा कि 14 सितम्बर को प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा| उसके बाद उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाएगा| इस तिरंगा यात्रा के ज़रिए आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश की जनता को भाजपा के कथित राष्ट्रवाद और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रवाद के बारे में बताएगी|

संजय सिंह ने कहा कि इन तिरंगा यात्राओं के जरिए हम तिरंगे के नीचे खड़े होकर ये संकल्प लेंगे कि उत्तर प्रदेश को भ्रष्टाचार मुक्त बनायेंगे, किसानों को उनकी फसलों का सही दाम मिलेगा, गरीबों के घरों में रौशनी होगी, लोगों को मुफ्त पानी मिलेगा, बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा, लोगों को मुफ्त इलाज और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलेगी| उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनावों में आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश के सभी 403 सीटों पर चुनाव लड़ेगी|

संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में ब्रिटिश हुकूमत जैसा माहौल है| आम आदमी पार्टी ने आजादी के 75वें साल की ख़ुशी में आगरा में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया तो योगी सरकार से ये सहन नहीं हुआ तो 517 लोगों पर मुकदमा कर दिया गया| आज भाजपा के लिए कमल का झंडा तिरंगे से बड़ा हो गया है| भाजपा जब जन-आशीर्वाद यात्रा निकलती है हजारों की भीड़ इकठ्ठा होती है तब कुछ नहीं लेकिन लोग अगर तिरंगा लेकर आजादी का जश्न मनाये तो उनपर मुकदमा कर दिया जाता है| उन्होंने कहा कि , योगी जी 1 मुकदमा नहीं 1000 मुकदमा करे लेकिन ये तिरंगा यात्रा नहीं रुकेगी| तिरंगा हमारी आन-बान-शान है और 130 करोड़ भारतीयों का अभिमान है| उन्होंने आगे कहा कि, भाजपा की जन-आशीर्वाद यात्रा मुर्दाबाद यात्रा बन चुकी है| जगह-जगह भाजपा के मंत्रियों का मुर्दाबाद के नारों से स्वागत किया जा रहा है| और हम तिरंगा यात्रा निकाल रहे है तो भाजपा बौखला गई है| भाजपा की इस बौखलाहट का जबाव उत्तर प्रदेश की जनता जल्द ही देगी|