भारत के पूर्व रक्षा सचिव योगेन्द्र नारायण बने एन.सी.एफ के चेयरमैन

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (24/04/2022): नौएडा के महत्वपूर्ण सामाजिक संगठन नौएडा सिटीजन फोरम (एन.सी.एफ) की सम्पन्न हुई कार्यकारिणी समिति की बैठक में सर्वसम्मति से भारत के पूर्व रक्षा सचिव, राज्यसभा के सेक्रेटरी जनरल व उत्तर प्रदेश सरकार के चीफ सेक्रेटरी जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे भारतीय प्रशासनिक सेवा (आई.ए.एस) के वरिष्ठ अधिकारी डॉ. योगेन्द्र नारायण को नौएडा सिटीजन फोरम का चेयरमैन मनोनीत किया गया है।
डॉ. योगेन्द्र नारायण नौएडा के निवासी हैं तथा सेवानिवृत्त होने के बाद भी देश व सामाजिक उत्थान के विभिन्न कार्यों में सक्रिय रूप से योगदान देते हैं।

डॉ. योगेन्द्र नारायण देश के माने हुए आई.ए.एस अधिकारियों में गिने जाते हैं। इनके द्वारा ब्यूरोक्रेसी पर लिखी गई दो किताबें ‘बोर्न टू सर्व’ व ‘ए सागा ऑफ सिविल सर्विसेज’ अत्यन्त प्रचलित हैं। यह किताबें प्रशासनिक सेवाओं में जाने वाले युवाओं में खासा लोकप्रिय हैं।

डॉ. योगेन्द्र नारायण एन.एच.ए.आई तथा ग्रेटर नौएडा विकास प्राधिकरण जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के संस्थापक रहे हैं तथा देशहित की अनेकों नीतियों का निर्माण इनके द्वारा किया गया जिनकी काफी प्रशंसा हुई है।

नौएडा सिटीजन फोरम की ओर से फोरम के अध्यक्ष एडवोकेट पी.एस. जैन, सेक्रेटरी जनरल प्रशान्त त्यागी, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष शर्मा व सचिव गरिमा त्रिपाठी ने डॉ. योगेन्द्र नारायण के आवास पर शिष्टाचार भेंट की तथा फोरम के चेयरमैन बनने की बधाई एवं शुभकामनाएं प्रदान करते हुए मनोनयन पत्र सौंपा जिसे सहर्ष स्वीकार करते हुए डॉ. योगेन्द्र नारायण ने कृतार्थ किया।

इस अवसर पर डॉ. योगेन्द्र नारायण ने कहा कि देश हमें बहुत कुछ देता है हमें भी अपने अपने सामर्थ्य अनुसार देश व समाज के हित में कुछ ना कुछ योगदान करते रहना चाहिए।

एन.सी.एफ को नौएडा के नागरिकों की समस्याओं को सही तरीके से सही अधिकारियों, सही विभागों तथा जनप्रतिनिधियों के समक्ष रखते हुए निस्तारण हेतु प्रयासरत रहना चाहिए।