नोएडा के गांव शाहपुर में मिला 246 परिवारों को बेदखली नोटिस, नोटिस देख परेशान हुए लोग

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (29/05/2022): नोएडा के सेक्टर 128 शाहपुर गोवर्धन गांव में एक बड़ी दुविधा सामने आई जहां जिला प्रशासन ने 246 परिवारों को नोटिस भेजकर 15 दिन में ग्राम सभा की जमीन को खाली करने का आदेश दिया है। उस नोटिस में यह भी लिखा गया है अगर 15 दिन में घर खाली नहीं हुआ तो प्रशासन पूरे बल के साथ घर को तोड़ेगा उस घर को तोड़ने में जो भी खर्चा होगा वह भी उस घर में रहने वाले परिवार से वसूला जाएगा।

इस जमीन पर उन किसानों के पुश्तैनी मकान बने हुए हैं। हालांकि नोटिस के आने के बाद से गांव के लोगों में काफी आक्रोश है इसी के चलते कल रविवार को शाहपुर गोवर्धन के गांव के प्राइमरी स्कूल में 40 गांव के लोगों ने महापंचायत की है जिसमें जिला प्रशासन के फैसले का विरोध किया गया है और जनांदोलन छेड़ने का भी ऐलान किया गया है हर गांव से 20 लोगों को जोड़कर प्रशासन और नोएडा प्राधिकरण को घेरा जाएगा ।

पंचायत को संबोधित करते हुए भारतीय किसान परिषद के नेता सुखबीर खलीफा ने कहा कि इस जमीन पर हमारे पूर्वजों ने अपनी मेहनत से मकान तैयार किया है।अब हम इस तरीके से तो छोड़कर नहीं जाएंगे। खलीफा ने ऐलान किया है कि अगर प्रशासन अड़ियल सभाव करेगा तो हम लोग भी एकत्रित होकर प्रशासन के खिलाफ जन आंदोलन करेंगे। खलीफा ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि किसी भी किसान के मकान को यूं ही नहीं जाने देंगे जब तक हिम्मत है तब तक लड़ाई लड़ेंगे।

 

इस मौके पर किसान सुधीर चौहान, सुरेंद्र प्रधान, डीपी चौहान, सूरज प्रधान, चैन सिंह प्रधान, प्रमोद त्यागी, राजेंद्र यादव, चरन सिंह आदि ने कहा कि जिला प्रशासन पहले अपनी मंशा साफ करे। हमारे पूर्वजों के बनाए मकान से बेदखल कर प्रशासन व प्राधिकरण यहां क्या बनाना चाहता है। 100 साल से जिस भूमि पर मकान बनाकर रह रहे हैं, उसे खाली करने के नोटिस से नोएडा के ग्रामीणों में नाराजगी है।