उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, नोएडा द्वारा होली मिलन समारोह एवं व्यापारिक सम्मेलन का आयोजन

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (27/02/2023): रविवार, 26 फरवरी को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, नोएडा द्वारा भव्य होली मिलन समारोह और व्यापारी सम्मेलन का आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन ( नियर इस्कॉन मन्दिर ) सेक्टर 33 नोएडा में हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उत्तर प्रदेश व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल उपस्थित रहें।

टेन न्यूज से खास बातचीत करते हुए उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के जिलाध्यक्ष संजय गोयल ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, नोएडा द्वारा आयोजित होली मिलन समारोह और व्यापारी सम्मेलन में आगमन हेतु उत्तर प्रदेश व्यापार संगठन के प्रदेश अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल सहित सभी गणमान्य लोगों का बहुत धन्यवाद कि उन्होंने अपना कीमती समय हमारे संगठन को दिया। साथ ही उन्होंने अपने संगठन के सभी पदाधिकारियों का भी धन्यवाद किया।

उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के महानगर कोषाध्यक्ष संजय गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम की सबसे खास बात यह रही कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में प्रदेश के आबकारी मंत्री उपस्थित रहे, और कार्यक्रम के दौरान संगठन के प्रतिनिधियों द्वारा कई समस्याओं को उनके समक्ष रखा गया है। विशेष कर सेक्टर 9 के व्यापारियों को विस्थापित करने की समस्या का निदान करने का आश्वासन उत्तर प्रदेश आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने दिया है।

नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा कि उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, नोएडा द्वारा आयोजित कार्यक्रम बहुत सफल रहा और साथ ही मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल ने कार्यक्रम की काफी सराहना की है।

उक्त कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्षा विमला बॉथम, दर्जा प्राप्त मंत्री कैप्टन विकास गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, पूर्व मंत्री एवं उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन के प्रदेश मंत्री बृजेश शुक्ला, प्रदेश मंत्री जितेन्द्र सिंह, अंकुर जैन सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता डाक्टर एस पी जैन एवं संयोजन उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार संगठन, गौतमबुद्ध नगर के जिलाध्यक्ष संजय गोयल व नगर अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने किया।।