उत्तर प्रदेश से मुख्यमंत्री योगी के डर से गुंडे और माफिया पलायन कर चुके हैं : सांसद डॉ महेश शर्मा

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (25/06/2023): आज रविवार, 25 जून को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन गौतम बुद्धनगर जिले में हुआ। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा प्राधिकरण एवं ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के कुल 1718.66 करोड़ रूपए की 124 अहम परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया। साथ ही महासंपर्क अभियान के तहत जनसभा को संबोधित भी किया।

इसी क्रम में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद डॉ महेश शर्मा ने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आज गौतमबुद्ध नगर जिला आगमन पर समस्त क्षेत्रवासियों की ओर से हार्दिक स्वागत एवं अभिनंदन करते हुए कहा कि “देश की अर्थव्यवस्था में 33 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश से जाता है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खास तौर पर गौतमबुद्ध नगर में 2014 से पहले की बात करें तो लोग यहां निवेश करने से डरते थे। साथ ही निवेश फैक्ट्रियों को छोड़-छोड़ कर भागते थे। लेकिन योगी आदित्यनाथ के उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री बनने के बाद यहा की जनता के साथ पूरे उत्तर प्रदेश की जनता, देश के और विदेशो के निवेशकों और उद्योगपतियों में एक विश्वास जागा है। कि उत्तर प्रदेश की बागडोर अब ऐसे एक नेता, संरक्षक और मार्गदर्शक के हाथ में है। जहां पर निवेश भी सुरक्षित है।”

आगे सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि “आज मुख्यमंत्री योगी की दृढ़ शक्ति अपनी पहचान बन गई है। कि मुख्यमंत्री योगी जो चाहते हैं, वो करके दिखाते हैं। आज उत्तर प्रदेश से मुख्यमंत्री योगी के डर से गुंडे और माफिया पलायन कर चुके हैं। मुख्यमंत्री योगी को गौ संरक्षक के रूप में लोग वंदन करते हैं, नमन करते हैं। साथियों ये हमारा सौभाग्य है कि जो 35 लाख करोड़ की परियोजनाओं की निवेश हुई, उसका 26 प्रतिशत हिस्सा गौतमबुद्ध नगर को मिला। विश्व के छठे नंबर का हवाई अड्डा आपके क्षेत्र ज़ेवर में बना है। समय से हवाई अड्डे का काम भी पूरा होगा।” लोकसभा सांसद ने मुख्यमंत्री योगी के साथ साथ नोएडा और ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की मुख्य कार्यपालक अधिकारी रितु महेश्वरी, मनोज सिंह IIDC और पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को भी धन्यवाद करते हुए कहा कि ” जिले को नई पहचान देने में इन्होंने योगदान दिया है। अगर शहर कानून में व्यवस्था अच्छी होती है तो निवेश भी होता और रोजगार भी मिलेता है। गौतमबुद्ध नगर जिले की कानून व्यवस्था इस बात को सिद्ध करती है। आज मौसम ख़राब होने के बाद भी सभा में जिले की जनता की उपस्थिति यह दर्शाती है कि यहां की जनता मुख्यमंत्री योगी से कितना प्यार करती है, और मुख्यमंत्री के कंधा से कंधा मिलाकर उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का संकल्प लेते हैं।”

आगे सांसद डॉ महेश शर्मा ने मुख्यमंत्री योगी और जनता का अभिनंदन करते हुए कहा कि ” मैं तो एक किसान , मास्टर का बेटा था। मेरी तो इतनी औकात नहीं थी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कैबिनेट में चार-चार विभाग के मंत्री बने और दो बार सांसद बनने का सुअवसर मिला । यह आप का दिया हुआ मुझ पर कर्ज है। हमारे पांचों विधायक और मैं आपके कंधे से कंधा मिलाकर आगे बढ़ेंगे और आपके आदेशों का पालन करेंगे।”

बता दें मुख्यमंत्री योगी का गौतमबुद्ध नगर दौरा काफी अहम और ऐतिहासिक है। क्योंकि आज सीएम ने गौतमबुद्ध नगर की जनता को 1700 करोड़ से अधिक की सौगात दी है।।