नोएडा में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र का शुभारंभ, आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों के सपने होंगे साकार

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (06/08/2023): रविवार, 6 अगस्त को उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण व अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण राज्य मंत्री असीम अरुण ने नोएडा के सेक्टर-37 में स्थित दलित उत्थान समिति नोएडा द्वारा संचालित डॉक्टर भीमराव अंबेडकर पुस्तकालय में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र का शुभारंभ किया। इस अवसर पर पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के सांसद डॉ महेश शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला समाज कल्याण अधिकारी शैलेन्द्र बहादुर सिंह ने किया।

 

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने अपने संबोधन में कहा कि नोएडा में स्थापित मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र का लाभ नोएडा और ग्रेटर नोएडा के छात्र-छात्राओं के साथ- साथ पूरे एनसीआर के छात्र – छात्राओं को मिलेगा। बाबा भीमराव अंबेडकर के समानता की बात को मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना हर तरीके से पूरा करती है। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना में छात्र-छात्रा आनलाइन (अभ्युदय ऐप) और आफलाइन से भी शिक्षा ले सकते हैं। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना का लाभ समाज के अंतिम वर्ग और पिछड़ा वर्ग के साथ- साथ सामान्य गरीब बच्चों को देने के लिए उनको सरकार द्वारा टैब और इंटरनेट भी दिए जा रहे हैं।

 

पूर्व केंद्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि नोएडा एक ऐसा क्षेत्र बन चुका है, जो विश्व पटल पर अपनी पहचान बना चुका है। मिनी इंडिया नहीं, मिनी विश्व के रूप में नोएडा की पहचान है। यहां देशों के विभिन्न प्रांतों और विदेश से लोग रहने आते हैं ऐसे में कभी- कभी भीड़ में खो जाता हुआ आम आदमी जिसकी जरूरत पूरी करने की हमें चिंता रहती है और रहनी चाहिए। ऐसे ही आम नागरिकों की एक जरूरत की पूर्ति नोएडा में मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र का शुभारंभ होने से हुई है। आगे सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी कहते हैं सोच और सपने हमेशा बडे़ होने चाहिए। आर्थिक रूप से मजबूर बच्चों के सपने को पूरा करने के लिए मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र नोएडा में बनाया गया है। ताकि बच्चों यहां पढ़कर सफल हो सके। हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ दोनों समान्य परिवार से हैं उन्होंने गरीबी के दर्द को देखा ही नहीं बल्कि महसूस भी किया है। आगे सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा मैंने स्वयं को ग़रीबी के दर्द को सहा है और मुझे आज भी याद है कि दिल्ली लाइब्रेरी में पढ़कर शिक्षा ली और सफल हुआ। नोएडा के मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना केंद्र में पढ़कर बच्चें सफल होंगे।

 

इस अवसर पर नोएडा विधायक पंकज सिंह, बीजेपी जिला अध्यक्ष मनोज गुप्ता, दलित उत्थान समिति से गणेश जाटव और नोएडा के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।।