फोनरवा के वार्षिक आमसभा की बैठक का कई RWA सदस्यों ने किया वहिष्कार, जानें पूरा मामला

टेन न्यूज़ नेटवर्क

नोएडा (22 अक्टूबर, 2023): फोनरवा की ओर से रविवार को बुलाई गई आमसभा की वार्षिक बैठक का कई आरडब्ल्यूए ने बहिष्कार कर दिया। पदाधिकारियों ने डिप्टी रजिस्ट्रार के देखरेख में चुनाव कराने की मांग की है।

इस विषय में RWA सेक्टर- 27 के अध्यक्ष राजीव गर्ग का कहना है कि निवर्तमान फोनरवा अध्यक्ष एवं महासचिव ने असंवैधानिक तरीकों का प्रयोग करते हुए ना केवल अवैध रूप से अपना कार्यकाल बढ़ाया अपितु अपने समर्थन को मजबूती देने के लिए मनमाने तरीके से कई RWA को फोनरवा कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हो जाने के बावजूद सदस्य बनाया है। साथ ही कई अन्य RWAs को लंबे समय से लगातार आवेदन करने के बाद भी फोनरवा की सदस्यता नहीं दी गई। जिस कोर्ट केस का हवाला देते हुए निवर्तमान फोनरवा अध्यक्ष एवं महासचिव महोदय द्वारा फोनरवा चुनाव को 3 माह टाला गया वह कोर्ट केस का स्टेटस आज भी वही है, जो 31 जुलाई 2021 को था। जबकि इन्होंने फोनरवा का चुनाव ना करवाते हुए अपने कार्यकाल में 3 माह की बढ़ोतरी कर 31 अक्टूबर 2023 तक कर लिया था। इसके साथ-साथ कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त हो जाने के पश्चात फोनरवा के सदस्यों की सूची में कई RWA के प्रतिनिधियों को साजिशन बदल दिया गया है।

महासचिव के के जैन ने लगाए गए आरोपों के संबंध में बताया कि उनके द्वारा लगाए गए सभी आरोप मनगढ़ंत हैं और ये सभी कार्य फोनरवा के बाइलॉज में दिए गए नियमों के आधार पर ही किए गए हैं। उन्होंने इस बात का खंडन किया और कहा कि लोग अफवाहें फैला रहे हैं कि फोनरवा की कार्यकारिणी को कालातीत कर दिया गया है। जोकि पूर्णरूप से असत्य है। सभी उपस्थित सदस्यों ने एक सुर में कुछ सदस्यों द्वारा गलत सूचनाएं देकर फोनरवा की छवि खराब करने तथा वार्षिक आम सभा को असंवैधानिक मानते हुए इसका बहिष्कार की कड़े शब्दों में आलोचना की है।।