भारत का अमृत काल उसका कर्तव्य काल भी है: डॉ महेश शर्मा, सांसद, गौतमबुद्ध नगर

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (04 फरवरी 2024): गौतमबुद्ध नगर के लोकसभा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ महेश शर्मा ने अंतरिम केंद्रीय बजट 2024-25 एवं विकसित भारत अभियान -2047 को लेकर मीडिया को संबोधित किया। मीडिया को संबोधित करते हुए सांसद डॉ महेश शर्मा ने भारतीय अर्थव्यवस्था में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के माध्यम से सकारात्मक परिवर्तनों पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के आदर्श वाक्य ‘सबका साथ सबका विकास’ के तहत गरीब, युवा, अन्नदाता एवं नारी को इस बजट में शामिल किया गया है।

उन्होंने बताया कि आज देश राजकोषीय मजबूती हासिल करते हुए सतत आर्थिक विकास की ओर आगे बढ़ रहा है। साथ ही वित्तीय वर्ष 2024- 25 के लिए महत्वपूर्ण परियोजनाओं पर खर्च का बजट बढ़ाकर 11,11,111 करोड़ कर दिया गया है, जो देश की सकल घरेलू उत्पाद का 3 से 4% है।

साथ ही उन्होंने बताया कि मोदी सरकार के द्वारा मजबूत बुनियादी ढांचों का निर्माण किया जा रहा है। हवाई अड्डे की संख्या में पर्याप्त वृद्धि हो रही है, 2014 तक जितने हवाई अड्डे देश में थे उससे दुगने हवाईअड्डे आज देश में हैं। रेलवे प्रणाली के द्वारा भीड़भाड़ को कम करने के लिए 40,000 सामान्य रेल बोगियों को वंदे भारत रेल गाड़ियों के मानकों के हिसाब से परिवर्तित किया गया है एवं मेट्रो रेल की कल्पना अपने आप में शहरी परिवर्तन लेकर आ रही है।

उन्होंने बताया कि सामाजिक न्याय के माध्यम से अमृत काल का बोध हो रहा है एवं भारत का अमृत काल उसका कर्तव्य काल भी है, जिसके दौरान गरीबी, अन्नदाता, युवा एवं नारी शक्ति सहित समाज के सभी वर्गों को राष्ट्र की सफलता की कहानी में योगदान देना होगा। आगे कहा कि प्रधानमंत्री जन-धन योजना समेत सभी योजनाएं भारतीयों को बहुआयामी गरीबी से बाहर निकाल रही है।

उन्होंने संसद के भारत वंदन अधिनियम की बात करते हुए कहा कि भारत की सफलता की कहानी के शीर्ष पर प्रधानमंत्री नारी शक्ति को रखना चाहते हैं। एक करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने में भारत सरकार ने मदद की है एवं अंतरिम बजट में लखपति दीदी का लक्ष्य 2 करोड़ से बढ़कर 3 करोड़ कर दिया गया है। मोदी सरकार 9 से 14 वर्ष की लड़कियों के लिए सर्वाइकल कैंसर टीकाकरण को बढ़ावा देकर भारतीय महिलाओं को और सशक्त बनाने के लिए कदम उठाएगी। साथ ही अन्नदाता यानी किसान का सर्व समावेशी विकास एवं कल्याण प्रधानमंत्री किसान योजना के माध्यम से हो रहा है।

पंचामृत लक्ष्य को पूरा करने की ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार पूरे तरह से आगे बढ़ रही है। सूर्य उदय योजना के तहत प्रतिमाह 300 यूनिट निशुल्क बिजली प्राप्ति के लक्ष्य हेतु एक करोड़ घरों को छत आधारित सोलर पैनल प्रदान किए जाएंगे।

सांसद डॉ महेश शर्मा ने कहा कि संप्रभु धन या पेंशन फंड द्वारा स्टार्टअप निवेशों के टैक्स लाभों को 31 मार्च 2025 तक बढ़ाया जा रहा है, जोकि 2024 में ही समाप्त होने वाला था। प्रभावी शासन के मूल में पारदर्शिता लाने के लिए सुशासन मॉडल भी पहल प्रमुख है। हमारी सरकार का प्रयास है कि हम सहकारी संघवाद की भावना को और अधिक मजबूत बनाएं। यह बजट राज्य सरकारों को नए तरीके से जुड़े सुधारो को लागू करने में समर्थन प्रदान करने के लिए 50 वर्षीय ब्याज मुक्त ऋण के रूप में 75000 करोड आवंटित करता है।

प्रेस वार्ता के दौरान लोकसभा सांसद डॉक्टर महेश शर्मा ने बजट के सभी पक्षों द्वारा जनता जनार्दन को किस तरह से फायदा होगा इसके विषय में बताया। साथ ही 2014 से दो पंचवर्षीय योजनाओं में रही भाजपा सरकार के सभी विकास संबंधी पहलुओं पर भी चर्चा की।।

 

प्रिय पाठकों, प्रतिदिन नोएडा महानगर की सभी महत्वपूर्ण एवं अहम खबरों को पढ़ने के लिए Attachowk.com : नोएडा न्यूज पोर्टल एवं संबंधित विडियोज देखने के लिए टेन न्यूज नोएडा यूट्यूब चैनल विजिट करें, साथ ही न्यूज़ पोर्टल एवं यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब अवश्य करें।।