सरस मेले के फूड कोर्ट में अलग अलग राज्यों के व्यंजनों के लगे स्टॉल | ग्रामीण भारत की अनोखी झलक

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (20/02/2023): नोएडा के सेक्टर-33 स्थित नोएडा हाट में ग्रामीण विकास मंत्रालय एवं राष्ट्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर) द्वारा सरस आजीविका मेले का आयोजन किया जा रहा है। सरस आजीविका मेले में तिसरे दिन रविवार, 19 फरवरी को भारी संख्या में लोगों की भीड़ उमड़ी। जहां लोगों ने विभिन्न राज्यों के उत्पादों की जमकर खरीददारी की, वहीं इंडिया फूड कोर्ट में विभिन्न राज्यों के व्यंजनों का स्वाद चखा।

इंडिया फूड कोर्ट के कोर्डिनेटर श्रेयस कश्यप ने बताया कि यहां इस बार देश भर के 20 राज्यों की 80 गृहणियों के समूह ने अपने प्रदेश के प्रसिद्ध क्षेत्रीय व्यंजनों के स्टाल लगाए हैं, जिनमें हर प्रदेश के क्षेत्रीय व्यंजनों के स्वाद का अनोखा आनंद प्राप्त हो रहा है। राजस्थानी कैर सागरी गट्टे की सब्ज़ी से लेकर बंगाल की फ़िश करी, तेलंगाना का चिकन, बिहार की लिट्टी चोखा, पंजाब का सरसों का साग व मक्के की रोटी, प्राकृतिक खाद्य उत्पाद, हरियाणा के बाजरे व ज्वार के लड्डू बिस्कुट, कर्नाटक व जम्मू कश्मीर के ड्राई फ्रूट सहित पूरे भारत के पकवान मौजूद हैं। 01 मार्च से 05 मार्च तक मिलेट्स फीस्ट का भी आयोजन किया जाएगा।

मेले के तीसरे दिन यहां पूर्वोत्तर के राज्यों में सिक्कम की सुनीता गडैली ने अपने गोदावरी स्वयं सहायता समूह का स्टॉल लगाया है। यहां विभिन्न प्रकार के टेस्टी मोमोज तथा सूप के स्वाद को लोगों ने चखा। वहीं मिजोरम के शेजवान राइस, स्पेशल मिजो टी तथा मिजो सुगर का भी लोगों ने आनंद उठाया। गोवा के फिश रवा फ्राई तथा प्रॉन्स लोगों को काफी पसंद आया। राजस्थानी थाली तथा पंजाब का साग और मक्के की रोटी का स्वाद लोगों को खूब भाया। यहां महाराष्ट्र के बड़ा पाव तथा मसाला पाव के साथ ही असम के मशरूम और पनीर मोमोज ने भी लोगों का दिल जीत लिया। इस अवसर पर स्थानीय व्यंजन में यूपी की स्पेशल थाली भी लोगों को खूब पसंद आई।

एनआईआरडीपीआर के असिस्टेंट डायरेक्टर चिरंजीलाल कटारिया ने बताया कि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज संस्थान (एनआईआरडीपीआर) द्वारा आयोजित इस सरस आजीविका मेला 2023 में ग्रामीण भारत की शिल्प कलाओं का मुख्य रूप से प्रदर्शन किया जा रहा है। 17 फरवरी से 05 मार्च तक चलने वाले इस उत्सव में देश के विभन्न राज्यों के आकर्षक उत्पादों की उत्तम एवं किफायती कीमत में यहां खरीददारी की जा सकती है। उत्तम व्यवस्था के लिए केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय और राष्ट्रीय ग्रामीण विकास और पंचायती राज संस्थान के अधिकारी एवं कर्मचारी यहां निगरानी में हैं। व्यवस्था में एनआईआरडीपीआर के सुरेश प्रसाद का सहयोग निरंतर बना रहा।

मेले के तीसरे दिन रविवार को मंच पर नोएडा के त्यागराजन सेंटर फॉर म्यूजिक एंड डांस ने सांस्कृतिक प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। इस बार मेले में 85 से ज्यादा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिसका नोएडावासी लुत्फ उठा सकेंगे। इसके साथ ही विश्व प्रसिद्ध जादूगर जितेन्द्र सिंह बब्बर ने मैजिक शो के माध्यम से समां बांध दिया। जिस पर लोगों एवं बच्चों ने जमकर तालियां बजाईं।