नाबालिग के साथ दुष्कर्म करने वाले डॉक्टर को पुलिस ने किया गिरफ्तार, खंडहर में छिपकर बैठा था आरोपी

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (03 नवंबर 2023): नोएडा थाना फेस-1 क्षेत्र के अंर्तगत एक नाबालिग बच्ची के साथ दुष्कर्म करने वाले डॉक्टर शहजाद को थाना फेस 1 पुलिस ने बीती रात मुठभेड़ के दौरान घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मात्र 12 घंटों के अंदर आरोपी को गिरफ्तार कर सराहनीय कार्य किया है।

डीसीपी मुख्यालय विशाल पांडेय ने बताया कि 02 नवंबर को थाना फेस-1 पर वादी ने अपनी नाबालिग पुत्री के साथ आरोपी डॉ शहजाद निवासी गांव चिलहां, थाना बहेड़ी, जिला दरभंगा, बिहार; वर्तमान पता सेक्टर-8, जेजे कॉलोनी, नियर जामा मस्जिद मदर डेयरी वाली गली। डॉक्टर द्वारा दुष्कर्म करने के संबंध में मुकदमा कराया गया था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया था। थाना फेस-1 पुलिस को गोपनीय सूचना के आधार पर जानकारी प्राप्त हुई आरोपी सेक्टर-10 के पार्क में बने खंडहर में छुपकर बैठा है।

आगे डीसीपी मुख्यालय विशाल पांडेय ने बताया कि पुलिस टीम ने मौके पर जाकर आरोपी की गिरफ्तारी करने का प्रयास किया तो आरोपी ने अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। जिसमें पुलिस टीम द्वारा जवाबी कार्रवाई में आरोपी शहजाद के दोनों पैरों में गोली लगने से घायल हो गया। आरोपी के कब्जे से 01 अवैध तमंचा और 02 कारतूस बरामद हुए है। घायल आरोपी को अस्पताल भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी घटना के 12 घंटे के अंदर कर ली गई है। आरोपी के अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।।