शादी समारोह में पुरानी रंजिश को लेकर समधी की गोली मारकर हत्या

टेन न्यूज नेटवर्क

नोएडा (28 नवंबर 2023): बीती रात 27 नवंबर 2023 को बिसरख कोतवाली क्षेत्र में एक शादी समारोह में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया , बात इतनी बढ़ गई कि एक पक्ष ने दूसरे पर गोली चला दी। इस विवाद में एक व्यक्ति की मौत हो गई।

मिली जानकारी के मुताबिक विनोद यादव के बेटी की शादी थी, जिसमें विनोद यादव का दोस्त अशोक यादव निवासी होशियारपुर, शादी समारोह में आया था। दूसरा पक्ष शेखर जो सिंभावली क्षेत्र के गांव रजवाड़ा का रहने वाला है वह भी शादी समारोह में आया था। अशोक यादव और शेखर दोनों आपस में समधी हैं, जिनका आपस में पारिवारिक विवाद चल रहा है। किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और फिर शेखर ने अशोक यादव को शादी समारोह में ही गोली मार दी। जिसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। पुलिस शव का पंचायतनामा भर आवश्यक कार्यवाही कर रही है।

इस मामले में सेंट्रल नोएडा डीसीपी सुनीति ने कहा कि कल एक शादी समारोह के अंतर्गत गोली चलने की सूचना प्राप्त हुई। गौर मलबेरी फार्म हाउस के अंतर्गत यह घटना हुई। एक व्यक्ति ने कहासुनी होने पर दूसरे व्यक्ति पर गोली चलाई। दोनो आपस में समधी हैं। परिजन तत्काल उन्हें यथार्थ अस्पताल ले गए। हॉस्पिटल के डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों के बच्चों के बीच डाइवोर्स का मामला चल रहा था। इसी को लेकर मनमुटाव पैदा हुआ। इसमें वादी पक्ष की तहरीर के आधार पर शेखर और उसकी पारिवार जनों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। अरेस्टिंग के लिए चार टीमों का गठन किया गया है। उनके घर और रुकने ठहरने के स्थान पर दबिश दी जा रही है। मौके के चश्मदीद गवाहों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है।।